टीम इंडिया अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाने वाली है। इस दौरे पर
शुभमन गिल
की कप्तानी वाली टीम 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर होगा। यह सीरीज ICC वर्ल्ड चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी।
भारतीय टीम 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। उसने 2017 में श्रीलंका के पिछले टेस्ट दौरे पर मेजबान टीम का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। टीम इंडिया ने श्रीलंकाई सरजमीं पर पिछले 5 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की है। ये सभी जीत
विराट कोहली
की कप्तानी में मिली। अब शुभमन गिल के सामने इस सिलसिले को बरकरार रखने की चुनौती है। देखना अहम होगा कि वह इसमें सफल हो पाते हैं या नहीं। उससे पहले आइए जानते हैं कि श्रीलंका में किन भारतीय बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें: वैभव की तारीफ में शास्त्री का बेतुका बयान, आखिर दूसरों को कब सम्मान देंगे हम?
मास्टर ब्लास्टर टॉप पर
श्रीलंका की धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
सचिन तेंदुलकर
हैं। मास्टर ब्लास्टर ने श्रीलंका में 12 टेस्ट मैचों में 67.94 की औसत से 1155 रन जड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 4 अर्धशतक निकले। उनका बेस्ट स्कोर 203 रहा। वीरेंद्र सहवाग इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 6 टेस्ट मैचों में 69.20 की औसत से 692 रन बटोरे। उन्होंने श्रीलंका में 3 टेस्ट शतक ठोके। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 201 रहा।
राहुल द्रविड़ तीसरे नंबर पर हैं। द्रविड़ ने श्रीलंकाई सरजमीं पर 12 टेस्ट मैचों में 33.10 की औसत से 662 रन बनाए। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और मोहम्मद अजहरुद्दीन क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं। गांगुली ने श्रीलंका में 9 टेस्ट मैचों में 45.44 की औसत से 558 रन बनाए, जबकि अजहरुद्दीन ने इतने ही टेस्ट मैचों में 55.42 की औसत से 567 रन बटोरे।
यह भी पढ़ें: Grand Chess Tour: प्रज्ञानानंदा ने कीमर को हराया, गुकेश के साथ खेला ड्रॉ
श्रीलंका में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले 5 भारतीय बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर - 12 मैचों में 1155 रन
- वीरेंद्र सहवाग - 6 मैचों में 692 रन
- राहुल द्रविड़ - 12 मैचों में 662 रन
- सौरव गांगुली - 9 मैचों में 588 रन
- मोहम्मद अजहरुद्दीन - 9 मैचों में 567 रन