भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। श्रेयस अय्यर टी20 टीम के नए कप्तान बनाए गए हैं। सूर्यकुमार यादव की न सिर्फ कप्तानी गई है, बल्कि उनकी टीम से भी छुट्टी हो गई है। 15 साल के वैभव सूर्यवंसी की भारतीय टीम में एंट्री हुई है। वैभव पहली बार टीम इंडिया में चुने गए हैं। उनके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई और प्रिंस यादव को भी टीम में जगह मिली है।
सूर्या के अलावा ये खिलाड़ी हुए बाहर
सूर्या ने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया था लेकिन खराब फॉर्म के चलते उन्हें बाहर कर दिया गया है। सूर्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 पारियों में 136.72 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए थे। इसके बाद IPL 2026 में भी उनका बल्ला खामोश रहा। उन्होंने 13 पारियों में 20.76 के औसत और 147.54 के स्ट्राइक रेट से महज 270 रन ही बनाए। लगातार लचर प्रदर्शन के बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया है। सूर्या के अलावा रिंकू सिंह और कुलदीप यादव भी टीम में अपनी जगह गंवा बैठे हैं। हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।
यह भी पढ़ें: जून की गर्मी, खाली स्टेडियम; मुल्लांपुर में टेस्ट मैच कराने पर BCCI पर उठे सवाल
सचिन के बाद वैभव सबसे कम उम्र में चुने गए
वैभव को IPL में ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन का ईनाम मिला है। उन्होंने इस IPL सीजन 15 पारियों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन जड़े थे। वैभव ने पर्पल कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेऑफ द सीजन जैसे अवॉर्ड्स अपने नाम किए। अब उन्हें टीम इंडिया में चुन लिया गया है। वह सचिन तेंदुलकर के बाद भारतीय मेंस टीम में सेलेक्ट होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में खेल सकेगी ईरान की टीम, FIFA वर्ल्ड कप के लिए मिला वीजा
भारतीय टीम का ऐसा है शेड्यूल
टीम इंडिया जून-जुलाई में होने वाले आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर कुल 7 टी20 मैच खेलेगी। वह 26 और 28 जून को बेलाफास्ट में आयरलैंड से दो टी20 मैचों में भिड़ेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड जाएगी, जहां वह 1 से 11 जुलाई के बीच मेजबान टीम से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी।
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव