इंग्लैंड का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड यानी क्रिकेट का मक्का। इस ऐतिहासिक ग्राउंड पर आज (10 जुलाई) से भारत और इंग्लैंड के बीच इकलौता महिला टेस्ट खेला जाना है। लॉर्ड्स में यह पहली बार होगा, जब महिला खिलाड़ी टेस्ट मैच खेलते दिखेंगी।
1932 से महिला टेस्ट खेला जा रहा है लेकिन लॉर्ड्स तक पहुंचते-पहुंचते इसे 92 साल लग गए। इंग्लैंड की महिला टीम 1937 से अपने घर में 19 अलग-अलग वेन्यू पर 55 टेस्ट मैच खेल चुकी है। लॉर्ड्स उसका 20वां घरेलू वेन्यू होगा, जहां वह टेस्ट मैच खेलेगी।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की कमजोरी है शॉर्ट बॉल? IPL वाले अवतार से इंग्लैंड में बनेगा काम
एक रिपोर्ट ने खोला लॉर्ड्स का दरवाजा
होम ऑफ क्रिकेट कहे जाने वाले लॉर्ड्स में कभी महिला टेस्ट का आयोजन नहीं हुआ है, इस पर यकीन करना मुश्किल है। सबसे पहले 'इंडिपेंडेंट कमीशन फॉर इक्वलिटी इन क्रिकेट' (ICEC) ने इस ओर ध्यान दिलाया था। ICEC ने जून 2023 में एक रिपोर्ट पब्लिश करते हुए आपत्ति जताई थी कि इंग्लैंड ने अभी तक लॉर्ड्स में महिला टेस्ट नहीं खेला है। रिपोर्ट में कहा गया, 'होम ऑफ क्रिकेट अभी भी मुख्य रूप से पुरुषों के लिए ही है।' इसके बाद इंग्लैंड का क्रिकेट महकमा हरकत में आया और लॉर्ड्स में महिला टेस्ट का रास्ता साफ हुआ।
इंग्लैंड के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
भारतीय महिला टीम ने इस साल सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है। ऑस्ट्रेलिया में हुए उस पिंक-बॉल टेस्ट में टीम इंडिया को 10 विकेट से करारी हार मिली थी। यह महिला टेस्ट में भारतीय टीम की 2006 के बाद पहली हार थी। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय महिला टीम का टेस्ट रिकॉर्ड अविश्वसनीय है।
टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पिछले 4 महिला टेस्ट मैचों में 3 बार शिकस्त दी है। दोनों टीमों के बीच दिसंबर 2023 में आखिरी बार इस फॉर्मेट में भिड़ंत हुई थी, जिसमें भारत ने 347 रन से बड़ी जीत हासिल की थी। भारतीय महिला टीम 1995 के बाद से इंग्लैंड से कोई टेस्ट मैच नहीं हारी है। इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में भी भारतीय टीम 9 टेस्ट मैचों से अजेय है।
यह भी पढ़ें: 3 साल पहले डेब्यू से चूके, अब फिर टीम इंडिया में मिला मौका, क्या बोले प्रभसिमरन?
लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेलने पर क्या बोलीं हरमनप्रीत?
भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लॉर्ड्स में खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है और पूरी टीम इस ऐतिहासिक मौके को लेकर उत्साहित है। उन्होंने यह भी माना कि उन्हें हैरानी हुई कि यह प्रतिष्ठित मैदान पहली बार महिला टेस्ट मैच की मेजबानी कर रहा है।
हरमनप्रीत ने कहा, 'यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा पल है। एक कप्तान और एक खिलाड़ी के तौर पर मैं इस मौके का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। मुझे लगता है कि बचपन में हम सभी टेस्ट मैच खेलने का सपना देखते हैं और लॉर्ड्स में खेलना भी उन्हीं सपनों में से एक है। मैं बहुत खुश हूं कि हमें यह मौका मिला। बाकी लड़कियां भी बहुत उत्साहित हैं और एक टीम के तौर पर हम इस मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।'
हरमनप्रीत ने आगे कहा, 'हम बात कर रहे थे कि इतने सालों बाद यह मैच होने जा रहा है और हमें यह महसूस करने में इतने साल लग गए कि महिलाएं भी लॉर्ड्स टेस्ट मैच का हिस्सा बन सकती हैं। मेरा मतलब है कि मुझे यह जानकर हैरानी हुई, मुझे इसके बारे में पता नहीं था। लेकिन, हां, यह एक शानदार मौका है। मैं बस यही सोचती हूं कि शायद देर हो गई है लेकिन बहुत देर नहीं हुई है। मैं अब भी खेल रही हूं और मुझे इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है।'
यह भी पढ़ें: अब गलती नहीं ईशान... भनक भी नहीं लगेगी और टीम इंडिया से कट जाएगा पत्ता!
महिला टेस्ट मैचों की कम संख्या पर हरमनप्रीत ने रखी राय
हरमनप्रीत ने माना कि महिला टेस्ट मैचों की संख्या कम होने की वजह से लाल गेंद के क्रिकेट में ढलना चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन उन्होंने कहा कि लॉर्ड्स में खेलने का उत्साह टीम को इस मौके पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। हालांकि उन्होंने माना कि यह फैसला आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और संबंधित नेशनल बोर्ड्स पर निर्भर करता है।
हरमनप्रीत ने कहा, 'क्रिकेटर के तौर पर हम निश्चित रूप से ज्यादा से ज्यादा टेस्ट मैच का हिस्सा बनना चाहते हैं लेकिन मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से उच्च अधिकारियों का फैसला है। मैंने अब तक काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं और इतने सालों में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ते देखा है। मुझे लगता है कि हम सही हाथों में हैं और वे (बोर्ड्स) ही इस पर फैसला करने के लिए सही लोग हैं।'
हेड कोच मजूमदार बोले - गर्व महसूस करेंगी सभी खिलाड़ी
टीम इंडिया के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि लॉर्ड्स पर पहली बार खेलने को लेकर टीम काफी उत्साहित है। उन्होंने कहा, 'यह लॉर्ड्स पर हमारा पहला टेस्ट है और मैं खुशकिस्मत हूं कि यह मौका मिला। मैं इस टेस्ट से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं। यह बड़ा मौका है और हम इसे लेकर उत्सुक हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'किसी भी भारतीय क्रिकेटर के लिये टेस्ट मैच खेलना सपने जैसा है। मुझे यकीन है कि कल सफेद जर्सी पहनने वाली हर खिलाड़ी को गर्व होगा कि उन्हें लॉर्ड्स पर टेस्ट खेलने का मौका मिला।'