भारतीय टीम वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड के सभी 20 विकेट नहीं चटका सकी, जिसके चलते उसे ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। टीम इंडिया ने मुकाबले के पहले दिन (19 नवंबर) न्यूजीलैंड की आधी टीम 70 रन पर समेट दी थी। इसके बावजूद कीवी टीम पहली पारी में 368 रन तक पहुंचने में सफल रही। हेनरी निकोल्स (175) और ग्लेन फिलिप्स (118) ने शतकीय पारियां खेली। भारतीय टीम ने जवाब में 720 रन बनाकर 352 रन की बढ़त बनाई।
भारत की ओर से केएल राहुल (136) और
ऋषभ पंत
(128) ने शतक ठोके।
यशस्वी जायसवाल
(85), देवदत्त पडिक्कल (80), कप्तान
शुभमन गिल
(98) और ध्रुव जुरेल (78) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे टीम ने विशाल बढ़त हासिल की लेकिन जब कीवी टीम को दूसरी पारी में ऑल आउट करने की बारी आई, तब गेंदबाजों ने हाथ खड़े कर दिए। भारतीय गेंदबाज 120 ओवर डालकर सिर्फ 5 विकेट ही चटका सके। अंत में गिल को 15 ओवर पहले ही ड्रॉ के लिए सहमत होना पड़ा।
मेजबान न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 239 रन बनाकर मैच बचा लिया। फिलिप्स ने एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों को थकाया। उन्होंने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर 43 ओवर निकाले, जिससे कीवी टीम मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रही। मिचेल ने 186 गेंद में नाबाद 49 रन बनाए। फिलिप्स 126 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।
यह भी पढ़ें: सरेंडर कर गए गिल... अंत में भी पलट सकती थी बाजी, क्लार्क वाला चमत्कार याद है?
भारतीय टीम के सेलेक्शन पर उठे सवाल
वेलिंगटन टेस्ट में जीत की दहलीज पर पहुंचकर खाली हाथ रहने के बाद भारतीय टीम के सेलेक्शन पर सवाल उठ रहे हैं। टीम इंडिया इस मुकाबले में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी। इसके बावजूद मोहम्मद सिराज जैसा सीनियर पेसर बेंच पर ही नजर आया। आकाश दीप, अंशुल कम्बोज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवहीन तेज गेंदबाज
जसप्रीत बुमराह
का पर्याप्त साथ नहीं दे सके।
गिल ने सिराज को बाहर रखने का कारण बताया कि बाकी तेज गेंदबाज अच्छी फॉर्म में थे, जिससे उन्हें मौका दिया गया। मगर सवाल उठता है कि जब ये गेंदबाज इतनी ही अच्छी फॉर्म में थे, तो बेजान पिच पर विकेट क्यों नहीं निकाल सके? वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर भी बहस हो रही है। उन्हें
रवींद्र जडेजा
से आगे खिलाया गया। उन्होंने मैच में कुल 55 ओवर डाले लेकिन उनके खाते में सिर्फ 1 विकेट रहा।
टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर में 4 बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। इसलिए वॉशिंगटन को खिलाया गया लेकिन सवाल यह है कि वह अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से कितने बाएं हाथ के बल्लेबाजों को आउट कर पाए।
यह भी पढ़ें: 'धोनी ऑक्शन टेबल पर नहीं बैठेंगे...' IPL नीलामी से पहले पठान ने क्यों कहा ऐसा?
गंभीर कब छोड़ेंगे बल्लेबाजी में गहराई की जिद?
भारतीय टीम के हेड कोच बैटिंग में गहराई के हिमायती रहे हैं। बल्लेबाजी में गहराई देने के लिए ही गुरनूर बराड़ जैसे एक्सप्रेस तेज गेंदबाज को नहीं खिलाया गया। अंशुल कम्बोज को उनकी बैटिंग क्षमता को देखते हुए चुना गया। कम्बोज ने नाइट वॉचमैन के तौर पर आकर 38 रन जरूर बनाए लेकिन ये रन किस काम के रहे? उन्होंने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में किसी भी भारतीय तेज गेंदबाज से ज्यादा 22 ओवर डाले। मगर उनके हाथ एक ही विकेट लग सका। आखिर दिन पिच जिस तरह से बेजान हो गई थी, वहां गुरनूर की अतिरिक्त गति काम आ सकती थी लेकिन थोड़े से रन के लालच में उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।