logo

ट्रेंडिंग:

ईशान और सूर्या की आंधी में उड़ी कीवी टीम, भारत ने तोड़ा पाकिस्तान का रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदकर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने धमाकेदार अर्धशतकीय पारियां खेली।

Ishan Kishan Batting IND vs NZ 2nd T20

अपनी तूफानी पारी के दौरान शॉट खेलते ईशान किशन, Photo Credit: BCCI/X

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Budget2

भारत ने शुक्रवार (23 जनवरी) को दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से धो दिया। न्यूजीलैंड ने रायपुर में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 7 गेंद में ही अपने दोनों ओपनर्स संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) के विकेट गंवा दिए। ऐसा लगा कि भारतीय टीम के लिए रन चेज बेहद मुश्किल होने वाला है लेकिन ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

 

ईशान-सूर्या ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 122 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। ईशान ने 32 गेंद में 237.50 के स्ट्राइक रेट से 76 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के लगाए। वह उस समय आउट हुए जब टीम इंडिया को जीत के लिए 11 ओवर में 81 रन बनाने थे। यहां से सूर्या और शिवम दुबे ने 37 गेंद में 81 रन की पार्टनरशिप कर भारत को 15.2 ओवर में ही जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया।

 

इसके साथ ही फुल मेंबर देशों के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे तेज 200 प्लस टारगेट को चेज करने का पाकिस्तान का रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही पिछले साल 205 रन के टारगेट को 24 गेंद शेष रहते चेज किया था। भारतीय टीम ने रायपुर में 209 रन के टारगेट को 28 गेंद बाकी रहते हासिल कर उसका रिकॉर्ड तोड़ दिया। फॉर्म में लौटे सूर्या ने 37 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाए। शिवम दुबे 18 गेंद में 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के जड़े।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने अपने पैर पर ही मारी कुल्हाड़ी, बाबर आजम को टी20 टीम में किया शामिल

गेंदबाजी में कुलदीप चमके

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आतिशी शुरुआत की थी। डेवोन कॉनवे और टिम साइफर्ट ने 3.1 ओवर में ही 43 रन कूट दिए थे। हर्षित राणा ने कॉनवे को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। इसके बाद अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने साइफर्ट को पवेलियन भेजा। 43 रन पर बैक टू बैक दो झटके लगने के बाद रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने अर्धशतकीय साझेदारी कर न्यूजीलैंड को संभाल लिया था। हालांकि कुलदीप ने दोनों का विकेट लेकर कीवी टीम की पारी पटरी से उतार दी। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंद में 47 रन बनाकर न्यूजीलैंड को किसी तरह से 200 के पार पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था।

 

यह भी पढ़ें: हर परीक्षा में नंबर 1, घरेलू क्रिकेट के हर फॉर्मैट में सरफराज ने धुआं उड़ा दिया

 

भारत की ओर से कुलदीप सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap