ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होना है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेबाकी से सभी सवालों के जवाब दिए। सूर्या ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि इस पर इतना क्यों ध्यान देना। हम क्रिकेट खेलने आए हैं।
हैंडशेक के बारे में जब सूर्या से सवाल हुआ तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'अब इसके लिए 24 घंटे इंतजार कीजिए। इस पर इतना ध्यान क्यों देना? हम क्रिकेट खेलने आए हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। इन सब फैसलों पर हम कल बाद में विचार करेंगे। इंतजार कीजिए। अच्छे से खाइए और सो जाइए।'
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से भी इस बारे में सवाल हुआ था, तो उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि खेल उसी भावना से खेला जाना चाहिए, जिसके लिए वह जाना जाता है। पाक कप्तान ने कहा कि यह उन पर (भारत पर) निर्भर करता है कि वे क्या करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार किसी यूरोपियन टीम से जीता इंग्लैंड, बैंटन की फिफ्टी
अभिषेक को खिलाने पर क्या बोले सूर्या?
टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन के चलते नामीबिया के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेले थे। उनका पाकिस्तान के खिलाफ खेलने तय नहीं है। अभिषेक ने पिछले साल एशिया कप के दौरान पाकिस्तान की जमकर धुनाई की थी।
सलमान अली आगा से अभिषेक बारे में सवाल हुआ तो पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि उनकी टीम बाएं हाथ के इस विध्वंसक बल्लेबाज का मुकाबला करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं वह कल मैच खेलें। हम उनके खिलाफ अपना बेस्ट प्रदर्शन करना चाहते हैं।
पाक कप्तान के इस बयान के बाद सूर्या ने कहा कि अगर पाकिस्तान चाहता है कि हम कल अभिषेक को खिलाएं, तो ठीक है हम उसे खिलाएंगे।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ सूर्या का ट्रंप कार्ड साबित होंगे वॉशिंगटन सुंदर, आंकड़े गवाह
उस्मान तारिक पर सूर्या ने क्या कहा?
पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को भारतीय टीम के लिए बड़ा चैलेंज बताया जा रहा है। सूर्या ने भी उन्हें 'आउट ऑफ सिलेबस' सवाल बताया। सूर्या ने कहा, 'कभी-कभी परीक्षा में भी आउट ऑफ सिलेबस सवाल आ जाता है लेकिन उसे छोड़ तो नहीं सकते। उससे निपटने के लिए अपना तरीका अपनाना पड़ता है। हां, वह अलग तरह के गेंदबाज हैं लेकिन हम उनके सामने सरेंडर तो नहीं कर सकते। हमने नेट सेशन में ऐसे ही ऐक्शन वाले गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास किया है। जो अभ्यास किया है, उसे मैच में लागू करने की कोशिश करेंगे।'