logo

ट्रेंडिंग:

जयपुर में रोहित शर्मा का चलना मुश्किल, कौन लगाएगा MI की नैया पार?

मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव का चलना अहम होगा। राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत के इरादे से उतरेगी।

Rohit Sharma IPL 2025

रोहित शर्मा। (Photo Credit: IPL/X)

आईपीएल 2025 का 50वां मैच आज (गुरुवार) राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में सभी की नजरें एक बार फिर 14 साल के वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। वैभव ने 3 दिन पहले ही इसी मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंद में सैकड़ा जड़ा था। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। राजस्थान रॉयल्स (RR) को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए वैभव और यशस्वी जायसवाल से एक और आतिशी ओपनिंग साझेदारी की जरूरत होगी।

 

दूसरी ओर लगातार 5 मैच जीतकर आ रही मुंबई इंडियंस (MI) के हौसले बुलंद हैं। MI 10 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ टेबल में तीसरे स्थान पर है। वह प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाने के लिए लगातार छठी जीत के इरादे से उतरेगी।

 

यह भी पढ़ें: विग्नेश पुथुर IPL 2025 से बाहर, रघु शर्मा की मुंबई इंडियंस में एंट्री

 

रोहित शर्मा का चलना मुश्किल

 

मुंबई इंडियंस के सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा फॉर्म में आ चुके हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बड़ी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने रोहित भले ही जल्दी आउट हो गए लेकिन वह अच्छे टच में नजर आए। हालांकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनका चलना बेहद मुश्किल है। हो सकता है कि रोहित पावरप्ले में ही आउट हो जाएं। RR के तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड बेहद साधारण है। 

 

संदीप शर्मा ने आईपीएल में रोहित को 5 बार आउट किया है। संदीप ने उन्हें खामोश भी रखा है। रोहित इस मीडियम पेसर के खिलाफ सिर्फ 86 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। जोफ्रा आर्चर और रोहित शर्मा आईपीएल में 3 बार आमना-सामने हुए हैं, जिसमें जोफ्रा ने रोहित को 2 बार आउट किया है। फजलहक फारूकी भी टी20 में रोहित को 4 पारियों में दो बार पवेलियन भेज चुके हैं। जयपुर में रोहित के बल्ले पर जैसे जंग लग जाती है। यहां रोहित 6 आईपीएल पारियों में 5.17 की औसत से 31 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 13 रहा है।

 

यह भी पढ़ें: प्लेऑफ में पहुंचना काफी नहीं, टॉप-2 है ट्रॉफी की गारंटी!

 

सूर्या से फिर होगी MI को आस

 

सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 61 की औसत और 169.44 के स्ट्राइक रेट से 427 रन बनाए हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे स्थान पर हैं। रोहित की तरह सूर्या को जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा तंग कर सकते हैं। संदीप ने सूर्या को आईपीएल में चार बार, जबकि जोफ्रा ने उन्हें टी20 में तीन बार पवेलियन भेजा है। सूर्या अगर जोफ्रा और संदीप के खतरे से बच जाते हैं, तो वह RR की स्पिन जोड़ी के खिलाफ आसानी से रन बटोर सकते हैं। सूर्या ने वानिंदु हसरंगा को 185 के स्ट्राइक रेट और 111 की औसत से कूटे हैं। वहीं महीश थीक्षना के खिलाफ वह 155 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। 

 

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:

 

मुंबई इंडियंस - रियान रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, कॉर्बिन बॉश/मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट

 

इम्पैक्ट प्लेयर - कर्ण शर्मा

 

राजस्थान रॉयल्स - वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, नितीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, शुभम दुबे, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महीश थीक्षना, संदीप शर्मा

 

इम्पैक्ट प्लेयर - युद्धवीर सिंह

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap