इंडियन प्रीमियर लीग की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को नया मालिक मिल गया है। आदित्य बिरला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर और ब्लैकस्टोन पर्पेचुअल प्राइवेट ने मिलकर आरसीबी को खरीद लिया है। आरसीबी की टीम मौजूदा समय में आईपीएल विजेता है। इससे पहले मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स को भी नया मालिक मिला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कंसोर्टियम ने आरसीबी फ्रैंचाइजी का पूरा मालिकाना हक लगभग 16 हजार 660 करोड़ रुपये में खरीदा है।
आरसीबी का मालिकाना हक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के पास था लेकिन अब यूएसएल ने मीडिया रिलीज जारी कर आरसीबी के नए मालिक के बारे में जानकारी दी है। यूएसएल ने बताया है कि उनके बोर्ड ने आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ डिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की स्थाई निजी इक्विटी रणनीति, BXPE वाले कंसोर्टियम को फ्रैंचाइजी की बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस डील के बाद यूएसएल ने कहा कि IPL और WPL दोनों आरसीबी टीम अह इस ग्रुप के स्वामित्व में चलेंगी।
यह भी पढ़ें: कार्तिक शर्मा, सलिल अरोड़ा... ये 5 नए बल्लेबाज IPL 2026 में मचा सकते हैं कोहराम
कौन-कौन हैं खरीददार?
इस डील में कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं और यह डील अदित्य बिरला ग्रुप की अगुवाई में हुई है। इसके साथ ही टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, अमेरिकी खेल कारोबारी डेविड ब्लिट्जर की कंपनी बोल्ट वेंचर्स और ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी कंपनी ब्लैकस्टोन इस डील में शामिल हैं। यह सभी मिलकर अब आरसीबी के मालिक हैं। यह डील भारतीय खेल जगत में अब तक की सबसे बड़ी खरीददारी मानी जा रही है।
कौन संभालेगा कमान?
नई टीम की कमान अब अदित्य बिरला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमान विक्रम बिरला संभालेंगे। वह प्रोफेशनल क्रिकेटर भी रह चुके हैं। वहीं, उपाध्यक्ष के रूप में टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यान गजवानी टीम की कमान संभालेंगे।
इस डील पर कुमार मंगला बिरला ने कहा कि टीम के पास मौका है कि खेल क्षेत्र में कुछ बेहतरीन काम करें। उ्होंने कहा, 'पिछले 20 साल में आईपीएल ने भारतीय क्रिकेट का चेहरा ही बदल दिया है। आरसीबी जैसी पॉपुलर टीम हमारे लिए अच्छा मौका है कि हम खेल के क्षेत्र में भी बढ़िया काम करें। हम इस टीम के नए मालिक बनकर खुश हैं और इसे आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।'
BCCI से मंजूरी का इंतजार
यह डील अपने फाइनल स्टेज में पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक इस टेकओवर की प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। यह डील अभी आधिकारिक रूप से बीसीसीआई और कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। इसके अलावा अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी होने का इंतजार है। इस टीम की पुरानी मालिक यूनाइटेड स्पिरिट्स अब शराब के बिजनेस पर फोकस करना चाहती है।
यह भी पढ़ें: RCB से पहले बिक गई राजस्थान रॉयल्स, खरीदने वाले काल सोमानी कौन हैं?
28 मार्च को होगा मुकाबला
पिछले एक साल से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु काफी ज्यादा चर्चा में है। टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का टाइटल अपने नाम किया। इसके बाद बेंगलुरु केएन चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ हुई जिसमें कुछ लोगों की जान भी चली गई थी। अब टीम के मालिक बदल गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद आरसीबी अपना टाइटल डिफेंड करने के लिए इस साल मैदान में उतर रही है। इस साल टीम अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेंगलुरु के एन चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी।