logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कार्तिक शर्मा, सलिल अरोड़ा... ये 5 नए बल्लेबाज IPL 2026 में मचा सकते हैं कोहराम

IPL 2026 गुमनाम चेहरों के नाम रहने वाला है। यहां जानिए उन 5 अनकैप्ड बल्लेबाजों के नाम जो आगामी सीजन में कोहराम मचा सकते हैं।

Kartik Sharma IPL

एक मैच के दौरान कार्तिक शर्मा, Photo Credit: Kartik Sharma/Insta

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का आगाज शनिवार (28 मार्च) से होना है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले IPL 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी, जिसमें दिग्गजों के साथ नए चेहरों पर भी नजरें रहेंगी। 

 

इस सीजन एक से बढ़कर एक उभरते खिलाड़ी उतर रहे हैं, जो IPL जैसे बड़े मंच पर अपना नाम बनाना चाहेंगे। IPL ने हर सीजन गुमनाम खिलाड़ियों को स्टार बनाया है। यह सीजन भी इससे अछूता नहीं रहेगा। आज बात उन 5 अनकैप्ड बल्लेबाजों की, जो आगामी सीजन में कोहराम मचा सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: RCB से पहले बिक गई राजस्थान रॉयल्स, खरीदने वाले काल सोमानी कौन हैं?

1. कार्तिक शर्मा 

राजस्थान के इस विकेटकीपर बल्लेबाज पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बड़ा दांव लगाया है। CSK ने पिछले साल दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में इस 19 साल के विस्फोटक बल्लेबाज को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। कार्तिक पर CSK की नजरें पिछले साल से ही थीं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के पहले हाफ में सबसे ज्यादा छक्के लगाकर सुर्खियां बटोरी और फिर ऑक्शन में वह संयुक्त रूप से सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनकर उभरे। कार्तिक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 में भी कमाल किया और 83 गेंद में 11 छक्के जड़े। उन्होंने श्रेयस गोपाल और साई किशोर जैसे स्पिनरों को भी नहीं बख्शा था। IPL के दौरान CSK मिडिल ओवर्स में उनसे ऐसी ही आतिशी बल्लेबाजी की उम्मीद करेगी।

2. सलिल अरोड़ा

पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले सलिल अरोड़ा को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 1.50 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। 23 साल का यह विकेटकीपर बल्लेबाज फिनिशर की भूमिका निभा सकता है। सलिल अरोड़ा ने IPL 2026 ऑक्शन से ठीक पहले SMAT में झारखंड के खिलाफ 45 गेंद में नाबाद 125 रन की पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल थे। उन्होंने इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट में 8 पारियों में लगभग 200 के स्ट्राइक से 358 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के निकले। SRH की टीम जिस अंदाज में बैटिंग करने के लिए जानी जाती है, सलिल अरोड़ा वैसे ही खेलते हैं। सितारों से सजी SRH की बैटिंग लाइन अप में उनके लिए जगह बनती है, तो वह बड़ा धमाका कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 304 विकेट, 8 की इकॉनमी... SRH में घातक गेंदबाज की एंट्री, हालिया फॉर्म कैसा है?

3. वैभव सूर्यवंशी

IPL इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी आगामी सीजन शुरू होने से ठीक एक दिन पहले 15 साल के होने जा रहे हैं। उन्होंने पिछले सीजन में डेब्यू करते हुए पहली ही गेंद पर छक्के जड़कर तहलका मचा दिया था। इसके बाद वैभव IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक (35 गेंद में) जड़ सबकी जुबान पर आ गए थे। बिहार के लाल वैभव ने इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी इस प्रदर्शन को दोहराया और इंग्लैंड के फाइनल में 175 रन की हैरतअंगाज पारी खेल टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। IPL 2026 में उनके ऊपर थोड़ा दबाव रहेगा, क्योंकि उनसे उम्मीदें बढ़ गई हैं। देखना अहम होगा कि राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी इस युवा सनसनी को कैसे संभालती है। अगर उन्हें पूरा मौका दिया जाता है तो वह यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर सकते हैं।

4. मुकुल चौधरी

राजस्थान के मुकुल चौधरी IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की जर्सी में दिखेंगे। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने उन्हें 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा है। कार्तिक शर्मा की तरह ही मुकुल भी छक्के लगाने में माहिर हैं। दोनों ही जयपुर एकेडमी से निकले हैं। मुकुल भी जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग कर सकते हैं। SMAT के दौरान कार्तिक के चोटिल होने के बाद मुकुल को मौका मिला था। मुकुल ने इस मौके को दोनों हाथों से लपकते हुए 5 पारियों में 198.85 के स्ट्राइक रेट से 173 रन ठोक दिए। वह LSG के लिए फिनिशिंग की जिम्मेदारी संभालते दिख सकते हैं। LSG के कोच जस्टिल लैंगर का कहना है कि अगले कुछ महीनों वह मुकुल को भारत का सबसे खतरनाक फिनिशर बनाने वाले हैं।

 

यह भी पढ़ें: विदेशी खिलाड़ियों पर करोड़ों लुटाती हैं फ्रेंचाइजियां, फायदा होता है?

5. कुमार कुशाग्र

गुजरात टाइटंस (GT) ने कुमार कुशाग्र को 65 लाख रुपये में रिटेन किया है। कुशाग्र को पिछले सीजन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन इस बार जोस बटलर की खराब फॉर्म उनके लिए दरवाजे खोल सकती है। कुशाग्र भी विकेटकीपर कर लेते हैं। 21 साल के कुशाग्र जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने SMAT 2025 में 161.68 के स्ट्राइक रेट से 422 रन ठोक झारखंड की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह कप्तान ईशान किशन के बाद टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। कुशाग्र का यह तीसरा IPL सीजन है। उन्हें IPL 2024 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 7.20 करोड़ रुपये में खरीदा था लेकिन वह 3 पारियों में 3 रन ही बना पाए थे। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया। कुशाग्र GT में मौका मिलने पर अपनी काबिलियत दिखाने के लिए बेताब होंगे।


और पढ़ें