logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कुलदीप-एनगिडी के आगे ढेर हुई KKR, दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ ली विदाई

IPL 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। कुलदीप यादव और लुंगि एनगिडी ने 3-3 विकेट झटके।

Kuldeep Yadav KKR vs DC IPL 2026

KKR के खिलाफ विकेट लेने के बाद साथी खिलाड़ियों संग जश्न मनाते कुलदीप यादव, Photo Credit: IPL/X

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आखिरी लीग स्टेज मैच में रविवार (24 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का आमना-सामना हुआ। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में DC ने KKR को 40 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर DC ने 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में KKR 163 पर ही सिमट गई।

 

DC ने लगातार तीसरी जीत के साथ सीजन का सुखद किया। वह पहले ही प्लेऑफ की रेस बाहर हो चुकी थी। उसने 14 मैचों में 14 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर फिनिश किया। दूसरी तरफ मुकाबला शुरू होने से पहले KKR प्लेऑफ की रेस में बनी हुई थी लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के जीतने से वह भी बाहर हो गई। ऐसे में KKR के लिए भी इस मुकाबले में कुछ नहीं बचा था। हालांकि बड़े अंतर से जीत दर्ज कर वह पांचवें स्थान तक भी जा सकती थी लेकिन ऐसा हो नहीं सका। KKR 13 पॉइंट्स के साथ सातवें पायदान पर रही।

 

यह भी पढ़ें: बीच मैच में आया हार्ट अटैक, रणजी चैंपियन क्रिकेटर का निधन

केएल राहुल का गरजा बल्ला

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी DC को केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 4.3 ओवर में 40 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। पोरेल 18 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर उतरे साहिल पारख ने 17 गेंद में 24 रन बनाए। राहुल ने एक छोर से आक्रामक बल्लेबाजी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। उन्होंने 30 गेंद में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। कप्तान अक्षर पटेल (25 गेंद में 39), डेविड मिलर (19 गेंद में 28) और आशुतोष शर्मा (11 गेंद में नाबाद 18) ने उपयोगी योगदान देकर DC को 200 के पार पहुंचाया। KKR की ओर से सौरभ दुबे ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए।

 

यह भी पढ़ें: प्लेऑफ में पहुंच तो गई राजस्थान रॉयल्स, एलिमिनेटर से आगे बढ़ पाएगी?

कुलदीप-एनगिडी ने बरपाया कहर

बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी KKR के टॉप ऑर्डर को लुंगि एनगिडी ने झकझोरा। उन्होंने खतरनाक फिन एलन (2) को जल्दी को चलता किया और फिर मनीष पांडे (25) का विकेट झटक KKR का स्कोर 87/2 कर दिया। इसके बाद कुलदीप यादव ने कहर बरपाया और कैमरन ग्रीन (2), अजिंक्य रहाणे (60) और रिंकू सिंह (0) के विकेट लेकर KKR की कमर तोड़ दी। कुलदीप ने रहाणे और रिंकू को लगातार गेंदों पर चलता किया। उन्होंने हैट्रिक गेंद पर नए बल्लेबाज तेजस्वी दहिया को भी लगभग चलता कर दिया था लेकिन विकेटकीपर पोरेल ने कैच टपका दिया। अगले ओवर में अक्षर ने दहिया (1) को क्लीन बोल्ड किया। मिचेल स्टार्क और एनगिडी ने KKR के निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी निपटाया और DC को बड़ी जीत दिलाई। कुलदीप और एनगिडी ने 3-3 विकेट। स्टार्क को 2, जबकि अक्षर को एक सफलता मिली।


और पढ़ें