मिचेल मार्श ने शुक्रवार (15 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गदर काट दिया। मार्श ने 188 रन के चेज में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए पहले ही ओवर में 2 चौके ठोके। इसके बाद मार्श ने पांचवें ओवर में अंशुल कम्बोज को राडार पर लिया और लगातार 4 छक्के जड़े। पांचवीं गेंद डॉट रही। मार्श ने आखिरी गेंद पर चौका जड़ा और ओवर में 28 रन बटोर लिए।
मार्श ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में स्पेंसर जॉनसन को निशाना बनाया और लगातार दो चौके जड़ 21 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। मार्श ने इसके बाद छक्का लगाकर पावरप्ले की समाप्ति तक LSG को 86 के स्कोर तक पहुंचा दिया। जोश इंग्लिस दूसरे छोर पर संघर्ष कर रहे थे लेकिन मार्श ने लगातार अंतराल पर बड़े शॉट लगाकर CSK को बैकफुट पर धकेल दिया।
यह भी पढ़ें: मिचेल मार्श की तूफानी पारी ने बिगाड़ा CSK का खेल, आसानी से जीती LSG
सेंचुरी से चूके मार्श
मार्श 38 गेंद में 90 रन तक पहुंच गए थे। वह आसानी से शतक पूरा करते दिख रहे थे लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रन आउट हो गए। जोश इंग्लिस के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे निकोलस पूरन ने मुकेश चौधरी की गेंद को स्ट्रेट ड्राइव किया, जो गेंदबाज की उंगलियों को छूते हुए स्टंप्स पर जा लगी। मार्श क्रीज के बाहर पाए गए। उन्हें बाहर जाना पड़ा और इस तरह वह अपने तीसरे IPL शतक से चूक गए। मार्श ने अपनी पारी में 9 चौके और 7 छक्के लगाए।
यह भी पढ़ें: संजू-ऋतुराज-उर्विल सब हुए फेल, कौन हैं आकाश सिंह, जिन्होंने CSK को किया धराशायी?
मार्श ने CSK की मुसीबतें बढ़ाईं
मार्श जब आउट हुए, उस समय LSG को 49 गेंद में महज 53 रन की जरूरत थी। निकोलस पूरन ने 17 गेंद में नाबाद 32 रन की पारी खेल टीम को 20 गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया। पूरन ने कम्बोज को लगातार 4 छक्के लगाकर मैच जल्दी खत्म किया। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी LSG की यह चौथी जीत रही। वहीं CSK ने इस सीजन का अपना छठा मुकाबला गंवाया। LSG के हाथों मिली बड़ी हार के बाद अब उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। CSK को टॉप-4 में फिनिश करने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने तो होंगे ही, साथ ही ये भी दुआ करनी होगी कि दूसरी टीमों के नतीजों भी उसके हक में आएं।