इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 7 विकेट से रौंद दिया है। शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में CSK ने LSG के सामने 188 रन का टारगेट रखा था, जिसे मेजबान टीम ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। ओपनर मिचेल मार्श ने 38 गेंद में 90 रन की आतिशी पारी खेली।
प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी LSG की यह चौथी जीत रही। साथ ही उसने CSK से पिछले मैच में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। इस करारी शिकस्त के बाद CSK पॉइंट्स टेबल में छठे पायदान पर खिसक गई है। अब उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मुकाबले जीतने होंगे। इसके अलावा उसे दुआ करनी होगी कि बाकी टीमों के नतीजे भी उसे पक्ष में जाएं।
यह भी पढ़ें: संजू-ऋतुराज-उर्विल सब हुए फेल, कौन हैं आकाश सिंह, जिन्होंने CSK को किया धराशायी?
मार्श दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हुए रन आउट
मिचेल मार्श ने रन चेज में पहले ही ओवर से बड़े शॉट खेले। उन्होंने पांचवें ओवर में अंशुल कम्बोज को निशाना बनाया और उनकी पहली 4 गेंद पर 4 छक्के जड़े। मार्श ने इसके बाद स्पेंसर जॉनसन के खिलाफ लगातार दो चौके लगाकर 21 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। वह CSK के गेंदबाजों की चौतरफा धुनाई कर रहे थे और आसानी से शतक की ओर अग्रसर थे, तभी दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रन आउट हो गए।
जोश इंग्लिस (36) के आउट होने के बाद क्रीज पर आए निकोलस पूरन ने स्ट्रेट ड्राइव शॉट खेला, जो गेंदबाज मुकेश चौधरी की उंगलियों को छूते हुए स्टंप्स पर जा लगी। मार्श नॉन स्ट्राइकर एंड पर क्रीज के बाहर पाए गए। वह 38 गेंद में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मार्श के जाने के बाद LSG की पारी थोड़ी धीमी जरूर हुई लेकिन पूरन ने कम्बोज के खिलाफ लगातार 4 छक्के लगाकर उसे 20 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच कोहली ने गंभीर-अगरकर पर फोड़ा बम, अब क्या करेगा BCCI?
आकाश सिंह ने रखी जीत की नींव
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी CSK के टॉप ऑर्डर को आकाश सिंह ने झकझोर दिया। इस सीजन का अपना पहला ही मुकाबला खेल रहे इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने ऋतुराज गायकवाड़ (13), संजू सैमसन (20) और उर्विल पटेल (6) के विकेट लेकर CSK को बैकफुट पर धकेल दिया। 24 साल के आकाश ने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। 51/3 स्कोर होने के बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने CSK की पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की।
ब्रेविस 16 गेंद में 25 रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। कार्तिक ने एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने 42 गेंद में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 71 रन की पारी खेली। शिवम दुबे ने 16 गेंद में नाबाद 32 रन ठोककर CSK को 187/5 के स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ।