इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में आज (23 मई) लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) का आमना-सामना होना है। दोनों टीमें शाम 7:30 बजे से लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेंगी। PBKS लगातार 6 मैच हार चुकी है और उसका प्लेऑफ टिकट दांव पर है। आज उसके लिए करो या मरो वाला मुकाबला है। अगर वह LSG से हार जाती है तो उसका सफर यहीं थम जाएगा।
PBKS की अटकी हैं सांसें
IPL 2026 के पहले हाफ में PBKS की टीम अजेय थी। उसने 7 मैचों में 6 जीत हासिल की थी। उसका एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। 7 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ वह टेबल टॉपर थी। माना जा रहा था कि PBKS आसानी से टॉप-2 में फिनिश करेगी लेकिन इसके बाद अचानक स्क्रिप्ट बदल गई। अब उसके प्लेऑफ में पहुंचने पर भी सवालिया निशान हैं। LSG के खिलाफ जीत के बावजूद उसे दुआ करनी होगी कि मुंबई इंडियंस की टीम राजस्थान रॉयल्स को हरा दे, तभी उसके लिए बात बन पाएगी।
इकाना में PBKS बिना किसी बदलाव के उतर सकती है। मार्कस स्टोइनिस को फिर से इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा जा सकता है, जिससे स्पिन डिपार्टमेंट में युजवेंद्र चहल को हरप्रीत बराड़ का साथ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: 'विराट को पिच पर नोकझोंक पसंद...', ट्रेविस हेड के साथ तनाव पर बोले इरफान पठान
LSG के पास खोने के लिए कुछ नहीं
ऋषभ पंत की कप्तानी में LSG का सफर उतार चढ़ाव भरा रहा है। टीम 14 मैचों में 4 ही जीत हासिल कर पाई है, जिसमें से 2 पिछले 4 मैचों में आए हैं। LSG पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर है। वह जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी। उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। ऐसे में वह PBKS का गेम बिगाड़ सकती है। हालांकि इस मुकाबले में LSG को मिचेल मार्श के बगैर उतरना पड़ेगा। वह सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
कैसा रहेगा इकाना स्टेडियम की पिच का मिजाज?
LSG और PBSK का मुकाबला इकाना स्टेडियम की पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा। यह पिच मिक्स मिट्टी वाली है, जहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के लिए बराबर मदद है। इकाना में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद रहेगा। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है और इस मुकाबले पर बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें: SRH के खिलाफ नहीं चला विराट कोहली का बल्ला, फिर भी बना गए वर्ल्ड रिकॉर्ड
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
लखनऊ सुपर जायंट्स - अर्शिन कुलकर्णी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी
पंजाब किंग्स - प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बराड़, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल