इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से ठीक पहले महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट के कारण दो हफ्ते के लिए बाहर हो गए थे। फैंस को उम्मीद थी कि वह चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी करेंगे। हालांकि IPL 2026 शुरू हुए करीब एक महीना हो गया है लेकिन धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बार भी मैदान पर नहीं उतरे हैं। बीच में खबर आई थी कि धोनी फिट हो चुके हैं। मगर वह टीम का कॉम्बिनेशन खराब नहीं करना चाहते, इसलिए CSK के लिए नहीं खेल रहे हैं। इस बीच टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की फिटनेस पर बड़ा अपडेट दिया है।
फ्लेमिंग ने कहा है कि धोनी की पिंडली में फिर से खिंचाव आ गया है, जिसके चलते उनकी वापसी में देरी हो रही है। रविवार (26 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस के हाथों CSK की करारी हार के बाद फ्लेमिंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'वह (धोनी) वापसी के लिए बेताब हैं लेकिन पिंडली की चोट काफी मुश्किल होती है। अगर वह जोर लगाकर दौड़ते हैं और पिंडली की नस फिर से खिंच जाती है, तो वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। हमने शुरू में थोड़ी जल्दबाजी की थी और फिर एक वार्म-अप मैच के दौरान उनकी पिंडली में फिर से खिंचाव आ गया था। तब से वह चोट में सुधार लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन उन्हें एक और झटका लगा, इसलिए वापसी में हमारी उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है।'
यह भी पढ़ें: बस यह गलती करना छोड़ दें मोहसिन खान, फिर इंडिया खेलने से कोई नहीं रोक पाएगा!
खुद फैसला लेंगे धोनी - फ्लेमिंग
फ्लेमिंग ने इस बात पर जोर दिया कि धोनी की वापसी का अंतिम फैसला वह खुद ही लेंगे, जबकि टीम का सपोर्ट स्टाफ उनकी प्रगति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा, 'इस मामले में वही हमारे गाइड हैं। वह फिजियो के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं और सारा रिहैब कर रहे हैं।। हम बस उनके अगले अपडेट का इंतजार कर रहे हैं लेकिन मैं बस यही कह सकता हूं और मैं इसे हल्के में नहीं ले रहा हूं कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वह अपनी तरफ से हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: मैच जीतने के लिए बेईमानी पर उतरे ऋषभ पंत? अंगकृष रघुवंशी को आउट दिए जाने पर बवाल
CSK का अगला मैच मुंबई इंडियंस से है, जिसमें 5 दिन का समय है। इस दौरान CSK धोनी के उबरने की प्रक्रिया पर नजर रखना जारी रखेगी। हालांकि फ्लेमिंग के अपडेट से लगता है कि उनकी वापसी की संभावना कम ही है। धोनी नियमित रूप से ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा ले रहे हैं लेकिन उन्होंने खुद को ज्यादातर थ्रो-डाउन तक ही सीमित रखा है। हाल में उन्हें विकेटकीपिंग का अभ्यास करते देखा गया था, जिससे उनकी संभावित वापसी की चर्चा तेज हो गई थी।