इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 36वां मुकाबला शनिवार (25 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच जयपुर में खेला गया। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 विकेट से जीत हासिल की। RR ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे SRH ने 18.3 ओवर में आसानी से चेज कर लिया। SRH की ओर से ईशान किशन ने 31 गेंद में 74 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। अभिषेक शर्मा ने 29 गेंद में 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 57 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंद में 36 रन जड़े।
इससे पहले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में अपने IPL करियर का दूसरा शतक ठोका। वैभव ने 37 गेंद में 5 चौके और 12 छक्के उड़ाते हुए 103 रन की धमाकेदार पारी खेली लेकिन गेंदबाजों और खराब फील्डिंग ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
यह भी पढ़ें: जितेश शर्मा की बात सही निकली... बीच मैच में चोटिल हुए वैभव सूर्यवंशी
अच्छी नहीं रही थी SRH की शुरुआत
विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी SRH की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर ट्रेविस हेड को विकेट के पीछे लपकवा दिया था लेकिन ध्रुव जुरेल ने कैच टपका दिया। जोफ्रा ने इसी ओवर में हेड (6) को जुरेल के हाथों ही लपकवाया। इसके बाद ईशान और अभिषेक ने 132 रन की विस्फोटक साझेदारी कर RR को बैकफुट पर धकेल दिया। RR ने कई आसान मौके भी गंवाए, जिससे वह वापसी नहीं कर सकी। मैच हाथ से निकलने पर फील्डिंग में सुधार देखने को मिला लेकिन तब तक काफी देर हो चुका था। SRH ने 9 गेंद शेष रहते टारगेट हासिल कर लगातार चौथी जीत दर्ज की। अब वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि RR को एक स्थान का नुकसान हुआ है।
RR की ओर से जोफ्रा को छोड़कर कोई गेंदबाज रंग में नहीं दिखा। जोफ्रा ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा किसी भी गेंदबाज की इकॉनमी 10 से नीचे नहीं रही।
यह भी पढ़ें: 264 रन बोर्ड पर लगाए... फिर भी मिली हार, क्या बोली दिल्ली कैपिटल्स?
डेथ ओवर्स में धीमी बल्लेबाजी भी RR को ले डूबी
वैभव और जुरेल (51) के आउट होने के बाद RR की पारी पटरी से उतर गई। अपने घरेलू मैदान सवाई मान सिंह स्टेडियम में इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रही RR आखिरी 5 ओवर में सिर्फ 44 रन ही बना पाई, जिससे वह 250 के करीब नहीं पहुंच पाई और इसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। कप्तान रियान पराग 9 गेंद खेलकर 7 रन ही बना सके, जबकि शिमरोन हेटमायर ने 10 गेंद में 11 रन बनाए। डोनोवन फरेरा ने जरूर 16 गेंद में 33 रन ठोके लेकिन यह काफी नहीं था।