इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालिफायर 1 मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रन से धो दिया। इस जीत के साथ ही RCB ने फाइनल में जगह बना ली। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में RCB ने 5 विकेट के नुकसान पर 254 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में GT 19.3 ओवर में 162 रन पर ही ढेर हो गई। अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम GT को खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल करने के लिए क्वालिफायर 2 खेलना पड़ेगा।
RCB की जीत के हीरो कप्तान रजत पाटीदार रहे। पाटीदार ने 33 गेंद में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। पाटीदार को 20 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने मैच विनिंग पारी खेल डाली।
यह भी पढ़ें: धर्मशाला में रजत पाटीदार ने मचाई तबाही, RCB ने तहस-नहस किया प्लेऑफ रिकॉर्ड
फंस गई थी RCB
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी RCB को वेंकटेश अय्यर (7 गेंद में 19 रन) ने तूफानी शुरुआत दिलाई। मगर वह ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। उन्हें दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर कैगिसो रबाडा ने कप्तान शुभमन गिल के हाथों लपकवाया। 21 रन पर पहला झटका लगने के बाद विराट कोहली (43) और देवदत्त पडिक्कल (30) ने दूसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 72 रन जोड़ RCB को उबारा। जेसन होल्डर ने 9वें ओवर में कोहली को आउट कर खतरनाक होती इस साझेदारी को तोड़ा। इसी ओवर में उन्होंने पडिक्कल का विकेट झटक RCB की पारी पटरी से उतार दी।
अब क्रीज पर दो नए बल्लेबाज पाटीदार और क्रुणाल पंड्या थे। दोनों RCB को संभालने में लग गए। इस सीजन का पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया ने 14वें ओवर में सिर्फ 3 रन खर्चे, जिससे पाटीदार-क्रुणाल के ऊपर दबाव बढ़ गया। अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर पाटीदार ने बड़ा शॉट खेलना चाहा, जो टॉप एज लेकर विकेटकीपर जोस बटलर के पीछे खड़ी हो गई। बटलर ने दौड़ लगाई। उधर डीप थर्ड पर खड़े खेजरोलिया भी दौड़े। अंत में गेंद बटलर और खेजरोलिया के बीच गिर गई।
यह भी पढ़ें: IPL में भी नहीं आई फॉर्म, अब युगांडा को कूटेंगे सूर्यकुमार यादव
धर्मशाला में यहां पलट गया मैच
पाटीदार बाल-बाल बचे। इसके बाद उन्होंने चौका जड़ा। पाटीदार ने अगली गेंद को भी बाउंड्री लान के बाहर भेजने का प्रयास किया, जो टाइम नहीं हुआ। डीप मिडविकेट पर खड़े कैगिसो रबाडा ने आगे की ओर भागते हुए दोनों हाथ से कैच लपकने का प्रयास किया लेकिन वह कैच टपका बैठे।
पाटीदार इस समय 12 गेंद में 20 रन बनाकर खेल रहे थे। इस जीवनदान को उन्होंने अच्छी तरह से भुनाया और अगले ओवर यानी 16वें ओवर में खेजरोलिया के खिलाफ दो चौके और एक छ्क्का लगाय। खेजरोलिया इस ओवर की पहली 3 गेंद पर 14 रन लुटा चुके थे। उन्हें क्रुणाल ने दो चौके लगाए थे। खेजरोलिया ने इस बीच दो नो-बॉल और एक वाइड डाला था। पाटीदार ने उनके ओवर को और महंगा बनाया और आखिरी तीन गेंद पर बाउड्री लगाकर ओवर में 28 रन बटोर लिए।
पाटीदार का पिछले ही ओवर में कैच छूटा था और फिर खेजरोलिया के ओवर ने पूरा मोमेंटम RCB की ओर शिफ्ट कर दिया, जो मैच में टर्निंग साबित हुआ। इसके बाद पाटीदार ने GT की बॉलिंग के साथ खिलवाड़ कर RCB को 250 के पार पहुंचा दिया, जो GT के लिए पहाड़ समान साबित हुआ।