इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन 26 मार्च से शुरू होने वाला है, जिसका फाइनल 31 मई को खेला जाना है। IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के खेमे से बड़ी खबर आ रही है। RR ने रियान पराग को नया कप्तान बनाया है। ऑलराउंडर रियान पराग IPL 2019 से ही RR से जुड़े हुए हैं।
IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले संजू सैमसन RR से ट्रेड होकर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए थे। इसके बाद RR को नया कप्तान चुनना था। कप्तान बनने की रेस में रवींद्र जडेजा और यशस्वी जायसवाल भी शामिल थे लेकिन फ्रेंचाइची ने रियान पराग पर भरोसा जताया है। रियान ने पिछले IPL सीजन में संजू के चोटिल होने के बाद 8 मैचों में टीम की कमान संभाली थी, जिसमें उन्हें 2 में जीत मिली।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कौन सा रिकॉर्ड बना दिया, जिसकी हो रही चर्चा?
रियान ने बतौर कप्तान खेली अपनी सबसे बड़ी IPL पारी
24 साल के रियान की कप्तानी में भले ही RR सिर्फ 2 ही मैच जीत पाई लेकिन इन 8 मैचों उनका बल्ले से अच्छा प्रदर्शन रहा। रियान ने 38.57 की औसत से रन बनाए। उन्होंने पिछले सीजन ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बतौर कप्तान 95 रन की पारी खेली थी, जो उनका IPL में बेस्ट स्कोर है।
रियान पिछले दो सीजन में RR के सभी मैचों में मैदान पर उतरे हैं। उनके लिए IPL 2024 का सीजन जबरदस्त रहा था। मिडिल ऑर्डर में आकर इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 52.09 की औसत और 149.21 के स्ट्राइक रेट से 573 रन ठोके थे। रियान ने RR के लिए अब तक 84 मैच खेले हैं और 1566 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 विकेट भी झटके हैं।
यह भी पढ़ें: धोनी की बायोपिक ने बदली जिंदगी... क्या है इस 'बवाली' पाकिस्तानी स्पिनर की कहानी?
RR के कोचिंग स्टाफ में भी हुआ है बदलाव
IPL 2026 में RR नई लीडरशिप के साथ उतरेगी। राहुल द्रविड़ के इस्तीफे के बाद कुमार संगाकारा हेड कोच बने हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगाकारा ने कप्तान के चुनाव के लिए कुछ खिलाड़ियों के इंटरव्यू लिए थे। इंटरव्यू के दौरान लीडरशिप क्वालिटी को परखने के बाद संगाकारा ने रियान के नाम पर मुहर लगाई। अब संगाकारा-रियान की जोड़ी RR के लिए कमाल दिखाना चाहेगी, क्योंकि पिछले सीजन यह टीम 14 में से महज 4 ही मैच जीत पाई थी और पॉइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर रही थी।