इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में आज (27 मई) सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का आमना-सामना होना है। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। SRH और RR के बीच होने वाले इस नॉकआउट मुकाबले की विजेता टीम क्वालिफायर 2 में पहुंचेगी, जहां उसका सामना गुजरात टाइटंस से होगा। वहीं हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
पैट कमिंस की कप्तानी वाली SRH ने 14 मैचों में 9 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर फिनिश किया था, जबकि RR के पास 16 पॉइंट्स थे और उसने चौथे पायदान पर रहकर प्लेऑफ के लिए का टिकट हासिल किया। RR लगातार दो 'करो या मरो' वाला मुकाबला खेलकर आ रही है। ऐसे में मोमेंटम उसके पास है। हालांकि SRH को कम नहीं आंका जा सकता। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज बेहतरीन फॉर्म में हैं। SRH की टीम इस सीजन RR को दो बार हरा चुकी है। इतना ही नहीं RR के सामने पिछले पांच मैचों में उसका रिकॉर्ड 5-0 का है।
यह भी पढ़ें: क्या ट्रोल होने की वजह से अर्शदीप ने डिलीट किए 200 पोस्ट? सस्पेंस बरकरार
SRH और RR के टॉप-ऑर्डर के बीच दिलचस्प भिड़ंत
एलिमिनेटर में SRH और RR के टॉप-ऑर्डर के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिलेगी। RR के पास वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल हैं, तो SRH के टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और ईशान किशन जैसे धुरंधर हैं। दोनों टीमें जब आखिरी बार जयपुर में भिड़ी थीं, तो वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंद में 103 रन जड़ दिए थे। हालांकि इसके बावजूद RR को हार का सामना करना पड़ा। RR इस सीजन पावरप्ले में सबसे तेज रन बनाने वाली टीम है। उसने 11.5 रन प्रति ओवर बनाए हैं। इस मामले में SRH दूसरे नंबर पर है। पावरप्ले में उसका नेट रन रेट 11.02 रहा है।
यह भी पढ़ें: RCB की पारी के वे 2 ओवर... जहां पलट गया मैच, कभी नहीं भूलेंगे शुभमन गिल
कैसा खेलेगी पिच?
न्यू चंडीगढ़ में SRH और RR का मुकाबला पिच नंबर-4 पर खेला जाएगा। मौजूदा सीजन में इस पिच पर काफी रन बरसे हैं। RR ने करीब एक महीने पहले इसी पिच पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रन के टारगेट को हासिल किया था। IPL 2026 में इस पिच पर खेले गए तीनों मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं और एलिमिनेटर में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल सकता है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XII:
राजस्थान रॉयल्स - यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, रवींद्र जडेजा, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, ब्रिजेश शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, हर्षल पटेल/प्रफुल हिंगे