बॉक्सिंग में देश की बेटियों का जलवा देखने को मिल रहा है। हाल ही में जारी वर्ल्ड बॉक्सिंग रैंकिंग में जैस्मिन लंबोरिया महिला 57 किग्रा वर्ग में टॉप पर हैं। एशियन चैंपियशिप की गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया घंघास (60 किग्रा) और विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) अपने-अपने वर्ग में टॉप-3 में शामिल हैं। भारतीय बॉक्सरों ने महिलाओं के 10 में से 9 वजन वर्ग में टॉप-10 में जगह बनाई है, जबकि पुरुषों के 10 में से 8 वजन वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है।
महिला वर्ग में मीनाक्षी 48 किग्रा वर्ग में दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज बनी हुईं हैं, जबकि प्रीति पवार 54 किग्रा वर्ग में पांच स्थान के फायदे से तीसरे पायदान पर हैं। इस साल एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाली जैस्मिन एक स्थान के फायदे से दुनिया की नंबर एक बॉक्सर बनीं। वर्ल्ड कप की पदक विजेता अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), पूजा रानी (80 किग्रा) और नुपुर (80 किग्रा से अधिक) अपने-अपने वजन वर्ग में दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
यह भी पढ़ें: सूर्या की जगह कप्तान बनने की रेस में है ये 3 प्लेयर, Captaincy रिकॉर्ड कैसा है?
निकहत जरीन को नुकसान
इस साल कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रहीं दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन (51 किग्रा) एक स्थान के नुकसान से चौथे स्थान पर हैं। ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) सातवें स्थान पर बरकरार हैं। पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) और एशियन गेम्स के पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल (90 किग्रा से अधिक) टॉप-5 में शामिल हैं। वर्ल्ड कप के गोल्ड मेडलिस्ट हितेश गूलिया (70 किग्रा) एक स्थान के नुकसान से छठे, जबकि अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) आठवें पायदान पर हैं।
यह भी पढ़ें: गायकवाड़, तिलक... ये 3 खिलाड़ी विराट कोहली को कर सकते हैं रिप्लेस
आकाश (75 किग्रा) और लोकेश (85 किग्रा) भी टॉप-10 में शामिल हैं। दोनों आठवें स्थान पर हैं। ग्लोबल लेवल पर टॉप-10 रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के मामले में भारत अभी तीसरे स्थान पर है। महिला वर्ग में मजबूत ताकत बनकर उभरा भारत दूसरे पायदान पर है, जबकि पुरुष वर्ग में चौथे स्थान पर है। महिला वर्ग मे प्रवीन (60 किग्रा) 13वें, जबकि अंकुशिता बोरो (65 किग्रा) 11वें स्थान पर हैं। पुरुष वर्ग में अंकुश (80 किग्रा) 11वें, जबकि दीपक (70 किग्रा) 12वें स्थान पर हैं। जुगनू (85 किग्रा) 14वें, हर्ष चौधरी (90 किग्रा) 10वें और सुमित (75 किग्रा) तथा कुमार नवीन (90 किग्रा) दोनों 18वें पायदान पर हैं।