सूर्यकुमार यादव के दिन अब लद गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें टीम इंडिया की टी20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्या को न सिर्फ कप्तानी से हटाया जाएगा, बल्कि उन्हें टीम से भी ड्रॉप किया जा सकता है। सितंबर 36 साल के होने जा रहे सूर्या लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिसके चलते BCCI ने उनसे आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भारतीय टी20 टीम के अगले कप्तान बनने की रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे चल रहे हैं। तिलक वर्मा और ईशान किशन का नाम भी चर्चा में है। आइए जानते हैं कि इन 3 खिलाड़ियों का कप्तानी में कैसा रिकॉर्ड रहा है।
श्रेयस अय्यर
31 साल के श्रेयस अय्यर IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। श्रेयस ने अब तक IPL में 101 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने अपनी टीमों को 57 जीत दिलाई है। वहीं 41 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 3 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। उन्होंने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी और 2020 में इस टीम को उसके पहले IPL फाइनल तक पहुंचाया था। इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 10 साल बाद 2024 में चैंपियन बनाया।
अब वह पिछले दो साल से पंजाब किंग्स (PBKS) की कप्तानी कर रहे हैं। श्रेयस ने पिछले सीजन PBKS को खिताबी मुकाबले तक सफर तय कराया था। वह तीन-तीन अलग फ्रेंचाइजियों को IPL फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कप्तान बने। इस साल भी उनकी अगुवाई में PBKS ने धमाकेदार शुरुआत की थी और लगातार 7 मैचों में अजेय रही थी। हालांकि वह प्लेऑफ में जगह बनाने से बेहद करीब अंतर से चूक गई। श्रेयस अपनी कप्तानी में मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जिता चुके हैं। श्रेयस को सूर्या का परफेक्ट रिप्लेसमेंट माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रणजी में बनाया रिकॉर्ड, अब इस युवा का टेस्ट डेब्यू क्यों देखना चाहते हैं दिग्गज?
तिलक वर्मा
बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को मुंबई इंडियंस का अगला कप्तान माना जा रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अब उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी देने पर भी विचार किया जा रहा है। 23 साल के तिलक ने IPL में कभी कप्तानी नहीं की है। वह घरेलू क्रिकेट में जरूर हैदराबाद की कमान संभालते नजर आए हैं। इसके अलावा उन्होंने 2024 में ACC मेंस टी20 इमर्जिंग एशिया कप में इंडिया-ए की कप्तानी की है। दलीप ट्रॉफी में साउथ जोन की कप्तानी करने का भी उनके पास अनुभव है।
यह भी पढ़ें: गायकवाड़, तिलक... ये 3 खिलाड़ी विराट कोहली को कर सकते हैं रिप्लेस
ईशान किशन
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन पिछले साल के अंत तक भारतीय टीम के करीब भी नहीं थे और अब वह टी20 टीम की कप्तानी की रेस में शामिल हैं। ईशान ने टीम इंडिया में वापसी के बाद से जबरदस्त प्रदर्शन किया है। वह टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन (317) बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद IPL 2026 में भी उनका बल्ला चला। ईशान ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए 15 पारियों में 602 रन जड़ दिए। ईशान ने शुरुआती 7 मैचों में SRH की कप्तानी की थी, जिसमें उन्होंने 4 में टीम को जीत भी दिलाई। ईशान ने अपनी कप्तानी में पिछले साल झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी चैंपियन बनाकर अपनी लिडरशिप क्षमता दिखाई थी।