क्रिकेट के मैदान से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने दावा किया है कि उसकी महिला अंडर-19 टीम को स्कोरर की गलती के कारण उत्तराखंड के खिलाफ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा। JSCA ने इसकी शिकायत भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से की है। झारखंड की टीम इस हार के कारण महिला अंडर-19 टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला पिछले मंगलवार (20 अक्टूबर) का है। नागपुर में उत्तराखंड की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। इसके जवाब में झारखंड की टीम पूरे 20 ओवर खेलकर 133 रन ही बना सकी और 1 रन से मैच हार गई।
JSCA ने दावा किया है कि आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर जब उसकी बल्लेबाज दूसरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हुई, तो ऑफिशियल स्कोरर ने पहला रन दर्ज नहीं किया था। स्कोरर ने सिर्फ रन आउट को दर्ज किया, जिससे टीम के कुल स्कोर में कोई रन नहीं जुड़ा। JSCA ने अपनी शिकायत में कहा कि मैदान पर स्कोरबोर्ड चलाने वाले स्कोरर ने उस 1 रन को स्कोर में जोड़ दिया था, जिससे खिलाड़ियों ने मान लियाा।
यह भी पढ़ें: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: पंजाब में इंटरनेशनल हॉकी की वापसी, किससे है पहला मैच?
इसके बाद झारखंड के खिलाड़ियों को लगा कि उन्हें जीत के लिए 2 रन और मैच टाई करने के लिए 1 रन की जरूरत है। हालांकि उन्हें तब हैरानी हुई, जब आखिरी गेंद पर सिंगल पूरा होने के बावजूद उनकी टीम 1 रन से हार गई। झारखंड के खिलाड़ियों ने स्कोरर को उसकी गलती गिनाई लेकिन स्कोरर अपने फैसले पर अड़ा रहा।
यह भी पढ़ें: Ranji Trophy: अंगकृष-मुशीर का शतक... मुंबई मजबूत, दिल्ली का कैसा गया पहला दिन?
JSCA ने इस मामले पर क्या कहा?
झारखंड क्रिकेट के एक अधिकारी ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को बताया, 'दूर वाले छोर पर लगे स्कोरबोर्ड पर हर गेंद के बाद स्कोर अपडेट हो रहा था लेकिन मेन स्कोरर एक रन जोड़ना भूल गया, जिसकी वजह से मैच टाई भी नहीं हो पाया। हमने स्कोरर से गलती सुधारने के लिए कहा लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। नियमों के अनुसार, अंपायर्स को मेन स्कोरर के आंकड़ों को ही मानना होता है, न कि स्कोरबोर्ड पर स्कोर दर्ज करने वाले व्यक्ति के आंकड़ों को।'