अंगकृष रघुवंशी (114) और मुशीर खान (109) के शानदार शतकों की मदद से मुंबई ने सोमवार (26 अक्टूबर) को हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-डी मुकाबले के पहले दिन तीन विकेट पर 290 रन बनाकर मजबूत स्कोर की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। अंगकृष ने अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक जड़ा, जबकि मुशीर ने टूर्नामेंट में तीसरी बार 50 से अधिक रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी करके मुंबई की पारी को मजबूती दी।
मुंबई को दिव्यांश सक्सेना (10) के जल्दी आउट होने से शुरुआती झटका लगा लेकिन सलामी बल्लेबाज अंगकृष और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने तेज गर्मी और उमस के बीच शानदार शतक लगाकर मेजबान टीम को संभाल लिया। अंगकृष ने 180 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा, जबकि मुशीर ने 185 गेंद की अपनी पारी में चौके और एक छक्का मारा। दिन का खेल समाप्त होने पर कप्तान सिद्धेश लाड 29 और सरफराज खान 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: IPL 2027 ऑक्शन की आ गई तारीख... गोवा में लगेगी बोली, 15 नवंबर तक रिटेंशन डेडलाइन
तमिलनाडु के खिलाफ रेलवे 184 पर ढेर
चेन्नई में जुबैर अली की 75 रन की पारी और हिमांशु सांगवान के साथ दसवें विकेट के लिए उनकी 61 रन की साझेदारी के बावजूद तमिलनाडु के खिलाफ रेलवे की टीम पहली पारी में 184 रन पर आउट हो गई। इसके जवाब में तमिलनाडु ने दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे और वह पहली पारी के आधार पर 113 रन से पीछे है।
देहरादून में उत्तराखंड ने देवेंद्र बोरा के छह विकेट की बदौलत राजस्थान को 272 रन पर आउट करने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 18 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर वह राजस्थान से 254 रन पीछे है। अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाली चंडीगढ़ की टीम ने तीसरे राउंड के मुकाबले में शानदार शुरुआत की। टीम ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 363 रन बना लिए थे। चंडीगढ़ की ओर से अर्जुन आजाद ने 146 रन बनाए, जबकि नेहल पजनी 126 रन बनाकर खेल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार की टीम को हुआ क्या है? रणजी ट्रॉफी में इस बार 100 रन भी नहीं बना पाई
दिल्ली ने झारखंड के खिलाफ ठोक 300 से ज्यादा रन
शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान आयुष बदोनी के लगातार दूसरे शतक से दिल्ली ने झारखंड के खिलाफ पांच विकेट पर 309 रन बनाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम एक समय 181 रन तक पांच विकेट गंवा चुकी थी लेकिन बदोनी (नाबाद 106) ने ऑलराउंडर सुमित माथुर (नाबाद 50) के साथ छठे विकेट के लिए 128 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला। न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में जगह नहीं बना पाने वाले बदोनी ने अपनी पिछली तीन पारियों में 85, 217 और नाबाद 106 रन बनाए हैं। उन्होंने अपनी पारी में अब तक 11 चौके और दो छक्के लगाए हैं। उन्होंने एक-एक छक्का स्पिनर प्रत्युष सिंह और तेज गेंदबाज जतिन पांडे के खिलाफ जड़ा।
दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की। प्रियांश आर्य (39) और सनत सांगवान (37) ने नई गेंद का सामना करते हुए पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। प्रियांश के आउट होने के बाद सनत सांगवान और यश ढुल (29) ने दूसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। आयुष दोसेजा (23) और अनुज रावत (18) भी सस्ते में आउट हो गए, जिसके बाद बदोनी और माथुर ने पारी को संभाला। ऑफ स्पिनर प्रत्युष ने 24 ओवर में 63 रन देकर दो विकेट लिए। बदोनी और माथुर ने अपनी साझेदारी के दौरान नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाकर झारखंड के गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया। माथुर ने 119 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके लगाए।
यह भी पढ़ें: देवदत्त पडिक्कल आउट या नॉटआउट? इंडिया-ए के मैच में अंपायर के फैसले पर मचा बवाल
बंगाल की हालत खराब
मंगलापुरम में केरल के लिए बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 38 रन देकर तीन विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी से बारिश से प्रभावित पहले दिन बंगाल की टीम छह विकेट पर 172 रन ही बना सकी। बंगाल के सलामी बल्लेबाज अंकुर पॉल ने 80 गेंद पर 66 रन की पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी से एक समय बंगाल का स्कोर दो विकेट पर 102 रन था लेकिन इसके बाद टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और उसका स्कोर पांच विकेट पर 108 रन हो गया।
सुदीप कुमार घरामी (36) और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद (नाबाद 35) ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले मध्यम गति के गेंदबाज बेसिल एन ने घरामी को आउट कर दिया।
गुजरात 223 पर ढेर
पुणे में ऑफ स्पिनर सिद्धेश वीर ने चार जबकि तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर और बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने तीन-तीन विकेट लिए, जिससे महाराष्ट्र ने गुजरात को 223 रन पर समेट दिया। गुजरात की ओर से अभिषेक देसाई ने 79 और जयमीत पटेल ने 58 रन बनाए। दिन का खेल समाप्त होने तक महाराष्ट्र ने एक विकेट पर 24 रन बना लिए थे।