भारतीय ओपनर केएल राहुल ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट के तीसरे दिन शानदार शतक लगाया। इस शतक के साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया। राहुल SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। उन्होंने जैकब डफी की गेंद पर 69वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया।
यह राहुल के टेस्ट करियर का 12वां शतक है। वह सभी SENA देशों में ओपनर के तौर पर टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे एशियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सईद अनवर यह कारनामा कर चुके हैं। राहुल ने इस उपलब्धि के साथ भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों की सूची में भी जगह बना ली है।
यह भी पढ़ें: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत की शानदार जीत, 26 रन पर सिमटा नेपाल
SENA देशों में शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
राहुल अब उन भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। जिन्होंने SENA देशों में टेस्ट शतक लगाया है। इस सूची में मोहम्मद अजहरुद्दीन,
सचिन तेंदुलकर
, राहुल द्रविड़ और
विराट कोहली
जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि, इन चारों में से कोई भी भारतीय ओपनर के तौर पर चारों SENA देशों में शतक नहीं लगा पाया था।
इतना ही नहीं राहुल न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले 12 साल में पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले 2014 में अजिंक्य रहाणे ने वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर ही 118 रन की पारी खेली थी। उन्होंने इस दौरान 158 गेंदों का सामना किया था।
2021 से ओपनर्स में सबसे ज्यादा शतक
राहुल के नाम 2021 से टेस्ट क्रिकेट में ओपनर के तौर पर 7 शतक हो गए हैं। इस मामले में वह बेन डकेट,
यशस्वी जायसवाल
और दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। वहीं मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकल में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी राहुल संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। उनके अलावा ट्रैविस हेड और टॉम लैथम के नाम भी 4-4 शतक हैं।
यह भी पढ़ें: 2018 के बॉल टैंपरिंग कांड की फिर होगी जांच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला
भारतीय ओपनर्स की बात करें तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में राहुल चौथे स्थान पर हैं। सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ पहले नंबर पर हैं। वीरेंद्र सहवाग के नाम 22 और मुरली विजय के नाम 12 शतक हैं। राहुल भी 12 शतकों के साथ मुरली विजय के बराबर पहुंच गए हैं।
11 साल में चारों देशों में लगाए शतक
राहुल ने अलग-अलग SENA देशों में अपने पहले टेस्ट शतक भी अलग-अलग दौर में लगाए। उन्होंने 2015 में ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था। इसके बाद 2018 में इंग्लैंड और 2021 में दक्षिण अफ्रीका में शतक जड़ा।
वेलिंग्टन टेस्ट की पहली पारी में राहुल ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। बता दें कि न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। इसके जवाब में राहुल और यशस्वी जायसवाल ने दूसरे दिन पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की। जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने भी राहुल का शानदार साथ दिया।