लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार के लिए पिछले कुछ दिन सपने सच होने जैसे रहे हैं। 23 साल के इस खिलाड़ी ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में अपना टेस्ट डेब्यू करते हुए 6 विकेट हॉल लिए थे। उन्होंने दूसरी पारी में भी 1 विकेट चटकाया और मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। सुथार ने अब इंग्लैंड में जाकर कहर बरपा दिया है।
सुथार ने काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में वार्रिकशायर की ओर से पदार्पण मैच में यॉर्कशायर के खिलाफ पहले दिन दो विकेट झटक लिए हैं। यॉर्कशायर ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 398 रन बनाए। लेफ्ट आर्म स्पिनर सुथार ने अपने काउंटी करियर का पहला विकेट यॉर्कशायर के नंबर-3 सैम व्हाइटमैन के रूप में लिया। व्हाइटमैन 55 रन बनाकर आउट हुए।
यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु नहीं खत्म कर पाईं खिताबी सूखा, सेमीफाइनल में हारीं
दिन के आखिरी पलों में भी झटका विकेट
सुथार ने दिन के आखिरी क्षणों में सलामी बल्लेबाज विलियम लक्सटन को पगबाधा आउट कर यॉर्कशायर को बड़ा झटका दिया। लक्सटन ने 261 गेंदों पर 167 रन की मैराथन पारी खेली। सुथार को मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो दौर के लिए वार्रिकशायर ने अनुबंधित किया है। उनके अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलने की संभावना है।
राजस्थान के इस स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में भी अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया था। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया था। भारत ने वह मैच एक पारी और 300 रन से जीता था।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी क्रिकेटर को पुलिस ने बीच सड़क पीटा, BCB ने की निष्पक्ष जांच की मांग
इस बीच भारत के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने भी ससेक्स के लिए अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने ग्लैमॉर्गन के खिलाफ 14.2 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनादकट की घातक गेंदबाजी की बदौलत ससेक्स ने ग्लैमॉर्गन की टीम को 51.2 ओवर में 155 रन पर समेट दिया। उनादकट ने 2024 में ससेक्स के साथ दो वर्ष का अनुबंध करने के बाद काउंटी टीम के लिए दोबारा खेलना शुरू किया है।