logo

मूड

ट्रेंडिंग:

जडेजा-कुलदीप के साथ सुथार भी खेलेंगे गॉल टेस्ट? बॉलिंग कोच ने दिए संकेत

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट गॉल में खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने संकेत दिए हैं कि कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के साथ मानव सुथार भी प्लेइंग-XI का हिस्सा बन सकते हैं।

Ravindra Jadeja Manav Suthar

गॉल में प्रैक्टिस के दौरान रवींद्र जडेजा और मानव सुथार, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने संकेत दिया है कि श्रीलंका के खिलाफ गॉल में होने वाले पहले टेस्ट में भारत तीन लेफ्ट आर्म स्पिनर्स को उतार सकता है। मोर्कल का मानना है कि कुलदीप यादव, मानव सुथार और रवींद्र जडेजा की गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की विविधता गॉल में श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन सकती है।

 

कुलदीप अपनी बाएं हाथ की कलाई की स्पिन से बल्लेबाजों को चकमा देने की क्षमता रखते हैं, जडेजा की सटीक गेंदबाजी बड़े से बड़े बल्लेबाज को परेशान कर सकती है, जबकि सुथार पारंपरिक शैली की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी की याद दिलाते हैं। सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में अपने टेस्ट डेब्यू पर 7 विकेट चटकाए थे।

 

यह भी पढ़ें: BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में किन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें?

गॉल में स्पिनर्स को मिलती है मदद

मोर्कल ने गुरुवार को मीडिया से कहा, 'कुलदीप हमारे साथ हैं और वह आक्रामक गेंदबाज हैं। उनका अनुभव और लेवल हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मेरे ख्याल से ये सभी अपनी-अपनी तरह से अलग हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'एक (सुथार) गेंद को थोड़ा ज्यादा टर्न कराता है, एक (जडेजा) थोड़ा अधिक सटीक है और मुझे नहीं लगता कि तीन बाएं हाथ के स्पिनर्स का होना हमारे लिए कोई बड़ी चिंता है।'  


मोर्कल ने बताया, 'यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कप्तान शुभमन गिल निश्चित समय पर इन गेंदबाजों का किस तरह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कौशल की बात करें तो इन सभी में हमारे लिए 20 विकेट लेने की क्षमता है।' मोर्कल ने कहा कि भारत का स्पिन अटैक उसे बेहद आक्रामक विकल्प देता है, खासकर गॉल की पिच को देखते हुए, जिस पर मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें: विराट कोहली और रोहित शर्मा कब लेंगे संन्यास? हरभजन सिंह ने बता दिया

3 स्पिनर्स के साथ उतरेगा भारत - मोर्कल

मोर्कल ने कहा, 'अगर आप परंपरागत रूप से इस मैदान को देखें और यहां मैच किस तरह खेले गए हैं तो मुझे लगता है कि तीन स्पिनर्स के साथ उतरना सही रास्ता है। हमारे स्पिन अटैक को देखें तो यह बहुत आक्रामक विकल्प है लेकिन सतह को देखते हुए मुझे यह अच्छी पिच लग रही है और मेरा मानना है कि टेस्ट आगे बढ़ने के साथ इसमें कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे।'

 

मोर्कल ने कहा कि टीम ने हर तरह की परिस्थितियों के लिए तैयारी की है और इन परिस्थितियों में मानसिक मजबूती, लंबे समय तक बल्लेबाजी, सही एरिया में गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण होगा।  अनुभवी मोहम्मद सिराज के अलावा भारत को तेज गेंदबाजी में गुरनूर बराड़ या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को चुनना होगा, जिनके पास टेस्ट क्रिकेट का सीमित अनुभव है।

 

यह भी पढ़ें: पहले भारत और अब ऑस्ट्रेलिया... बांग्लादेश के इस अनजान गेंदबाज ने रचा इतिहास

बराड़ या प्रसिद्ध, गॉल में कौन खेलेगा?

मोर्कल ने यह नहीं बताया कि बराड़ या प्रसिद्ध में से कौन खेलेगा लेकिन उन्होंने ये जरूर कहा कि प्लेइंग-XI में दोनों में से जिसे भी जगह मिलेगी वह अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम है। उन्होंने कहा, 'यह रोमांचक है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी खेला है, जहां गेंदबाजी की परिस्थितियां भी मुश्किल होती हैं। यहां आने के बाद सबसे बड़ी चुनौती गर्मी और उमस होगी।'

 

मोर्कल ने कहा, 'कूकाबुरा गेंद के नरम होने के बाद हमें लगातार ओवर किस तरह तेजी के साथ करने हैं और दबाव बनाना है यह महत्वपूर्ण होगा। इसलिए पिछले एक सप्ताह में मैंने जो देखा है उससे मैं काफी उत्साहित हूं कि ये खिलाड़ी किस तरह चुनौती का सामना करते हैं।' 

 

उन्होंने कहा, 'यह सब आपके मानसिक दृष्टिकोण पर निर्भर करता है। अगर आप तेज गेंदबाज हैं तो 20 से 35 ओवर के बाद गेंद नरम हो जाएगी लेकिन उसके बाद हमारा अगला कदम क्या होगा?' मोर्कल ने बताया, 'हमें यह समझदारी दिखानी होगी कि क्रीज का किस तरह इस्तेमाल करना है और शॉर्ट गेंद का किस तरह उपयोग करना है। इन सभी परिस्थितियों और स्थितियों में हमें तेजी से फैसले लेने, उन्हें अमल में लाने और पूरी ऊर्जा के साथ गेंदबाजी करने में सक्षम होना होगा।'


और पढ़ें