न्यूजीलैंड ने ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार एंट्री ली है। फिन एलेन की धुआंधार शतकीय पारी की मदद से कीवी टीम ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंद दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 170 रन का टारगेट रखा था, जिसे कीवी टीम ने 1 विकेट खोकर 12.5 ओवर में बेहद आसानी से हासिल कर लिया। एलन 33 गेंद में 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
विस्फोटक ओपनर एलन ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। इससे पहले सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। पूर्व कैरेबियाई सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंद में शतक ठोका था।
एलन उस समय 96 रन थे, जब न्यूजीलैंड को जीत के लिए महज 1 रन ही चाहिए थे। लगा कि वह गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक जाएंगे लेकिन उन्होंने मार्को यानसन की गेंद को मिड ऑफ के ऊपर से भेज अपना शतक पूरा किया और साथ ही न्यूजीलैंड को दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंचा दिया। कीवी टीम इससे पहले 2021 में खिताबी मुकाबले तक पहुंची थी, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: एडन मारक्रम को दिया गया गलत OUT? TV अंपायर के फैसले पर उठे सवाल
न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में ही जीत लिया मैच
फिन एलन और टिम साइफर्ट की ओपनिंग जोड़ी ने रन चेज में कीवी टीम को आतिशी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 84 रन कूट दिए। अब न्यूजीलैंड को 14 ओवर में सिर्फ 86 रन बनाने थे, जिसे उसने 6.5 ओवर में ही बना लिया। साइफर्ट ने 33 गेंद में 58 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 2 छक्के निकले। रचिन रवींद्र 11 गेंद में 13 रन बनाकर एलन के साथ नाबाद लौटे। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने 2.5 ओवर में 53 रन लुटाए।
यह भी पढ़ें: कौन है यह कीवी स्पिनर, जिसने सेमीफाइनल में लिए 2 गेंद में 2 विकेट?
शुरुआत में ही लड़खड़ा गई थी प्रोटियाज टीम
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाज का न्योता दिया। कोलो मैककॉन्ची ने दूसरे ही ओवर में साउथ अफ्रीका को 2 गेंद में 2 झटके दिए। इस ऑफ स्पिनर ने क्विंटन डिकॉक (10) और रायन रिकलटन (0) को पवेलियन भेजा। कप्तान एडन मारक्रम (18) और डेवाल्ड ब्रेविस (34) ने प्रोटियाज टीम को संभाला और उसे 50 के पार पहुंचाया लेकिन इसके बाद फिर उनकी पारी बिखर गई। आठवें ओवर में मारक्रम के आउट होने के बाद डेविड मिलर (6) और ब्रेविस भी चलते बने।
साउथ अफ्रीका के 5 विकेट 77 रन पर गिर चुके थे। मार्को यानसन ने 30 गेंद में 55 रन की पारी खेल उसे लड़ने लायक स्कोर (169/8) तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था। पिछले एडिशन की फाइनलिस्ट साउथ अफ्रीकी टीम को सेमीफाइनल से ही बाहर होना पड़ा।