प्रो कबड्डी लीग (PKL) के लगातार दूसरे सीजन में स्टार डिफेंडर नितेश कुमार का धमाल जारी है। तमिल थलाइवाज के नितेश ने पीकेएल-11 में 22 मैचों में 77 टैकल पॉइंट्स लिए थे। वह टॉप डिफेंडर्स की लिस्ट में मोहम्मदरेजा शादलू (82) और अंकित जागलान (79) के बाद तीसरे स्थान पर थे। इस बार नितेश टॉप पर चल रहे हैं। उन्होंने अब तक खेले 14 मैचों में 53 टैकल पॉइंट्स हासिल किए हैं।
PKL का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ेंगे नितेश?
पीकेएल इतिहास के किसी एक सीजन में 100 टैकल पॉइंट्स का जादुई आंकड़ा छूने वाले इकलौते डिफेंडर नितेश कुमार (यूपी योद्धा) हैं। यह नितेश कुमार यूपी योद्धा के लिए खेलते हैं, जिन्होंने पीकेएल-6 में यह ऐतिहासिक कारनामा किया था। उस सीजन नितेश ने 24 मैच खेले थे। मोहम्मदरेजा शादलू पीकेएल-10 में उनके इस बड़े रिकॉर्ड के करीब पहुंचे थे लेकिन वह 99 टैकल पॉइंट्स पर ही रह गए।
अब नितेश (तमिल थलाइवाज) पर निगाहें टिकी हुई हैं कि क्या वह 100 टैकल पॉइंट्स का आंकड़ा छू पाएंगे? उनकी टीम के अब 4 लीग स्टेज मुकाबले बचे हुए हैं और वह 12 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर है। उम्मीद की जा रही है कि तमिल थलाइवाज टॉप-8 में रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करेगी। अगर तमिल थलाइवाज छठे से आठवें स्थान के बीच फिनिश करती है और फाइनल तक का सफर तय करती है तो नितेश को 6 मैच अतिरिक्त मिल सकते हैं। यानी नितेश को इस सीजन कुल 24 मैच खेलने को मिलेंगे। अगर ऐसा होता है तो देखना होगा कि वह अपने टैकल पॉइंट्स को तिहरे अंक में पहुंचा पाते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: प्रो कबड्डी लीग के प्लेऑफ में कौन-कौन सी टीमें पहुंचेंगी?
PKL के एक सीजन में सबसे ज्यादा टैकल पॉइंट्स
- नितेश कुमार (यूपी योद्धा) - 100 टैकल पॉइंट्स (PKL 6)
- मोहम्मदरेजा शादलू (पुनेरी पलटन) - 99 टैकल पॉइंट्स (PKL 10)
- मोहम्मदरेजा शादलू (पटना पाइरेट्स) - 89 टैकल पॉइंट्स (PKL 8)
- अंकुश राठी (जयपुर पिंक पैंथर्स) - 89 टैकल पॉइंट्स (PKL 9)
यह भी पढ़ें: प्लेऑफ में पहुंची पुनेरी पलटन, तमिल थलावाज को दी शिकस्त
पिछले 5 मैचों में कैसा रहा है प्रदर्शन?
तमिल थलाइवाज ने पीकेएल 2025 के अक्टूबर महीने में अब तक पांच खेले हैं। नितेश ने इनमें 20 टैकल पॉइंट्स हासिल किए हैं। उन्होंने यू मुंबा (1 अक्टूबर) और पटना पाइरेट्स (7 अक्टूबर) के खिलाफ हाई-5 लगाया। इसके अलावा नितेश ने हरियाणा स्टीलर्स (3 अक्टूबर) और बेंगलुरु बुल्स (5 अक्टूबर) के खिलाफ लगातार दो मैचों में 4-4 टैकल पॉइंट्स लिए। हालांकि पुनेरी पलटन के सामने पिछले मैच वह 2 ही टैकल पॉइंट्स ले पाए। तमिल थलाइवाज के फैंस उम्मीद करेंगे कि नितेश फिर से फॉर्म दिखाएं और उसे सीजन के अंत तक बरकरार रखें।
नितेश का हालिया प्रदर्शन
- बनाम पुनेरी पलटन - 2 टैकल पॉइंट्स (11 अक्टूबर)
- बनाम पटना पाइरेट्स - 5 टैकल पॉइंट्स (7 अक्टूबर)
- बनाम बेंगलुरु बुल्स - 4 टैकल पॉइंट्स (5 अक्टूबर)
- बनाम हरियाणा स्टीलर्स - 4 टैकल पॉइंट्स (3 अक्टूबर)
- बनाम यू मुंबा - 5 टैकल पॉइंट्स (1 अक्टूबर)