logo

ट्रेंडिंग:

32 गेंद 34 रन, फिर आया प्रभसिमरन सिंह का तूफान, लगाई बाउंड्री की झड़ी

पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शुरू में संघर्ष कर रहे थे लेकिन एक बार लय पकड़ने के बाद उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की।

Prabhsimran Singh switch-hit

सुनील नारायण की गेंद पर स्विच हिट लगाते प्रभसिमरन सिंह। (Photo Credit: IPL/X)

पंजाब किंग्स (PBKS) के ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 26 अप्रैल को ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ गदर काट दिया। प्रभसिमरन ने 49 गेंद में 83 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। प्रभसिमरन ने प्रियांश आर्य के साथ 11.5 ओवर में 120 रन की साझेदारी की। आईपीएल 2025 में यह संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टरनशिप रही। 

 

प्रभसिमरन शुरू में टच में नहीं नजर आ रहे थे। पहली गेंद से ही अटैक करने के लिए जाने जाने वाले 24 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने चौथे ओवर में अपनी पहली बाउंड्री लगाई। उन्होंने केकेआर के लिए डेब्यू कर रहे चेतन साकरिया के सर के ऊपर से छक्का लगाया। अगले ओवर में प्रभसिमरन ने हर्षित राणा का स्वागत चौके से किया और फिर तीसरी गेंद पर स्कूप करके फाइन लेग की दिशा में छक्का जड़ा। ऐसा लगा कि वह अब लय में आ चुके हैं लेकिन उनका संघर्ष समाप्त नहीं हुआ था। 

 

यह भी पढ़ें: होम ग्राउंड पर खराब प्रदर्शन के बाद भी ट्रॉफी जीत पाएगी RCB?

 

बाउंड्री के लिए करना पड़ा लंबा इंतजार

 

प्रभसिमरन ने हर्षित राणा को अपनी पारी के 16वीं गेंद पर छक्का लगाया था। इसके बाद उन्हें अगली बाउंड्री के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। प्रभसिमरन ने 16 गेंद बाद अगली बाउंड्री लगाई। उन्होंने 11वें ओवर में सुनील नारायण को स्विच हिट पर छक्का लगाकर बेड़ियां तोड़ी। इसके बाद उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात कर दी। प्रभसिमरन ने सुनील नाराण के ओवर की आखिरी गेंद पर फ्री-हिट का फायदा उठाते हुए एक और छक्का जड़ा।

 

12वें ओवर में प्रियांश (69) के आउट होने के बाद प्रभसिमरन ने मोर्चा संभाला और चेतन साकरिया की लगातार तीन गेंदों को सीमा रेखा के बाहर भेजा, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। इसके बाद उन्होंने 14वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ 19 रन ठोके। प्रभसिमरन ने वरुण के इस ओवर में 3 चौके और एक छक्का लगाया। एक समय 32 गेंद में 34 रन बनाकर खेल रहे प्रभसिमरन ने अगली 15 गेंद पर 48 रन ठोक दिए। वह अपने दूसरे आईपीएल शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन वैभव अरोड़ा की फुल टॉस गेंद को सीधे लॉन्ग ऑफ के हाथ में दे बैठे। उन्होंने धीमी शुरुआत के बावजूद 169.38 के स्ट्राइक रेट से 83 रन की नायाब पारी खेली। 

 

बारिश में धुला मुकाबला

 

प्रभसिमरन के आउट होने के बाद PBKS अगली 33 गेंद में 41 रन ही बना सकी। ग्लेन मैक्सवेल फिर से फ्लॉप रहे। उन्होंने 8 गेंद में 7 रन बनाए। जोश इंग्लिस, शशांक सिंह और नेहाल वढेरा से ऊपर भेजे गए मार्को यानसन 7 गेंद में 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 16 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 25 रन बनाए। जोश इंग्लिस भी 6 गेंद में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब किंग्स मजबूत फिनिश नहीं कर पाई। किसी तरह वह 200 के पार (201) पहुंची। इसके जवाब में बैटिंग करने उतरी केकेआर ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के 7 रन बनाए थे, तभी तूफान के साथ बारिश आ गई, जिसके चलते आगे खेल नहीं हो सका और मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया गया। दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिले।

 

यह भी पढ़ें: बारिश के कारण रद्द हुआ KKR vs PBKS मुकाबला, किसे होगा फायदा?

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap