डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार (31 अक्टूबर) को हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हमवतन अनमोल खरब को सीधे गेम में हराकर लगातार दूसरे सप्ताह फाइनल में जगह बना ली। पिछले सप्ताह फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिताबी मुकाबले तक का सफर तय करने वाली सिंधु ने वर्ल्ड रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज अनमोल को 32 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21-13, 21-16 से शिकस्त दी। अब सिंधु के सामने फाइनल में डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट की चुनौती होगी।
क्येरफेल्ट ने एक घंटे 22 मिनट तक चले दूसरे सेमीफाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को 8-21, 21-19, 28-26 से हराया। 19 साल की अनमोल अपने करियर में दूसरी बार सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन के अंतिम-4 में जगह बनाई थी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच इससे पहले 2024 में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल में मुकाबला हुआ था, जिसमें सिंधु ने सीधे गेम में जीत दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को धोया, WTC पॉइंट्स टेबल में उठा-पटक, भारत कहां है?
सिंधु के सामने अनमोल की एक नहीं चली
सिंधु के आक्रामक खेल, नेट पर सटीक शॉट और विविधतापूर्ण स्ट्रोक के सामने अनमोल की एक नहीं चली। 2024 एशिया टीम चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य अनमोल अपनी अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाने में नाकाम रहीं। पहले गेम में सिंधु को अनमोल के लंबे शॉट को परखने में थोड़ी परेशानी हुई और कुछ अंक गंवाने के कारण युवा खिलाड़ी ने शुरुआती बढ़त बनाते हुए स्कोर 4-2 कर लिया। अनमोल ने एक शानदार क्रॉस-कोर्ट ड्रॉप शॉट भी लगाया लेकिन वह अपनी अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं रहीं।
सिंधु ने आक्रामक खेल और नेट पर सटीक शॉट के दम पर जल्द ही वापसी की। 31 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने अपने अनुभव और स्ट्रोक की विविधता का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। वह पहले गेम के मध्यांतर तक 11-9 से आगे थीं। सिंधु ने इसके बाद लगातार अंक जुटाते हुए सात गेम प्वाइंट हासिल किए और अनमोल के रिटर्न बाहर मारने पर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: 'जब मैटर बड़े होते हैं...' फाइनल में डक पर आउट हुए बाबर आजम, लोग क्या कह रहे?
दूसरे गेम में भी लीड लेने के बाद हारीं अनमोल
दूसरे गेम में छोर बदलने के बाद अनमोल ने एक बार फिर 4-2 की बढ़त बनाई लेकिन सिंधु ने लगातार दो अच्छे शॉट लगाकर स्कोर अपने पक्ष में कर लिया। अनमोल ने नेट पर शानदार ड्रिबल शॉट लगाकर स्कोर 8-8 किया और सिंधु के नेट में शॉट मारने पर 9-8 की बढ़त भी हासिल कर ली। हालांकि उनके खेल में दबाव बनाए रखने के लिए जरूरी सटीकता और निरंतरता की कमी साफ नजर आई। एक और नेट पर हुई गलती के कारण मध्यांतर तक सिंधु को एक अंक की मामूली बढ़त मिल गई।
दोनों खिलाड़ियों के बीच 15-15 के स्कोर तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंधु ने इसके बाद बढ़त हासिल करना शुरू किया। उन्होंने शानदार ड्रॉप शॉट लगाकर 17-15 की बढ़त हासिल की। अनमोल की दो और गलतियों ने सिंधु को चार मैच प्वाइंट दिला दिए। उन्होंने पीछे की ओर सटीक रिटर्न लगाकर पहला मैच प्वाइंट भुनाया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।