लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि टीम ने पर्याप्त रन बनाए थे लेकिन खराब फील्डिंग के कारण उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ रविवार (10 मई) को हार का सामना करना पड़ा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 53वें मुकाबले में जोश इंग्लिस की 85 रन की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत LSG ने पहले बल्लेबाजी बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8 विकेट खोकर 203 रन बनाए। CSK ने उर्विल पटेल की तूफानी पारी (23 गेंद में 65 रन) की मदद से 19.2 ओवर में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।
इस हार के साथ LSG की प्लेऑफ की बची-खुची उम्मीदें भी समाप्त हो गईं। टीम की 11 मैचों में यह आठवीं हार रही। पंत ने मैच के बाद कहा, 'यह एक बेहतरीन मैच था। सब कुछ अच्छे से चल रहा था। हमें पता था कि पावरप्ले में दबाव झेलना पड़ेगा। चेन्नई में आकर आप इसी तरह का क्रिकेट उम्मीद करते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'हमें लगा था कि स्कोर पर्याप्त था लेकिन फील्डिंग का स्तर बेहतर होना चाहिए था, हमने बहुत सारे कैच छोड़े। उर्विल ने अविश्वसनीय पारी खेली, जैसे हमारे लिए इंग्लिस ने खेली थी। टीम ने उर्विल के आउट होने के बाद शानदार जज्बा दिखाते हुए मजबूत वापसी की।'
यह भी पढ़ें: उर्विल पटेल ने 13 गेंद में फिफ्टी ठोक निकाली पर्ची, उसमें लिखा क्या था?
बड़ा स्कोर नहीं बना पाई LSG
LSG ने पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत की थी, जहां जोश इंग्लिस ने CSK के गेंदबाजों पर जोरदार हमला करते हुए पहले पांच ओवरों में बिना विकेट खोए 77 रन बना दिए थे। इसके बावजूद टीम मुश्किल से 200 के पार पहुंची। पंत ने स्वीकार किया कि टीम अपने लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गई। उन्होंने कहा, 'जिस तरह हमने शुरुआत की, हम और रन बनाना चाहते थे। हमें लगा था कि 200–210 एक अच्छा स्कोर होगा। उन्होंने तेज शुरुआत की लेकिन हमें पता था कि पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी करना मुश्किल होगा।'
यह भी पढ़ें: विजय के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे CSK स्टार अंशुल कम्बोज? आर अश्विन ने लिए मजे
आखिरी ओवर में मारक्रम को गेंद देने पर क्या बोले पंत?
अंतिम ओवर में गेंदबाजी विकल्प को लेकर पूछे जाने पर पंत ने कहा कि यह एक कठिन निर्णय था और टीम ने अनुभव पर भरोसा किया। मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले शाहबाज अहमद का एक ओवर बाकी था लेकिन पंत ने गेंद एडन मारक्रम को थमा दी। मारक्रम के पास डिफेंड करने के लिए 9 रन थे लेकिन शिवम दुबे ने शुरुआती दो गेंदों पर छक्का जड़कर CSK की जीत पक्की कर दी।