टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवालिया निशान हैं। वह अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए हैं लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। रोहित IPL 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते कुछ मैचों से बाहर रहे थे। वह सीजन के अंत में मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर उतरे। मगर टच में नहीं दिखे।
फिटनेस के साथ फॉर्म गिरने पर उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर और सेलेक्टर सबा करीम ने कहा है कि रोहित के पास 6 महीने के समय है, जिसमें उन्हें खुद को साबित करना होगा।
सबा करीब ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा कि विराट कोहली ने अपनी फिटनेस और रनों की भूख से अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले सेलेक्टर्स को पूरी तरह से आश्वस्त कर दिया है लेकिन रोहित शर्मा को अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित करना बाकी है। उन पर 6 महीने तक सेलेक्टर्स करीबी नजर रखेंगे और इसके बाद ही फैसला लेंगे कि ICC के मेगा इवेंट के लिए उन्हें चुनना है या नहीं।
यह भी पढ़ें: महिला क्रिकेट में भी टाइम-आउट का शिकार हुई बल्लेबाज, नेपाल क्रिकेट ने मांगी माफी
रोहित को बहाना होगा पसीना
भारत के लिए 1 टेस्ट और 34 वनडे मैच खेलने वाले सबा करीम ने रोहित को लेकर कहा, 'मेरा मानना है कि रोहित को बहुत मेहनत करनी होगी। उन्हें अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी पर काफी ध्यान देना होगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि सेलेक्टर्स अगले 6 महीनों में रोहित के प्रदर्शन पर करीबी नजर रखेंगे ताकि यह तय कर सकें कि उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है या नहीं। विराट कोहली के बारे में मुझे पूरा यकीन है कि वे पूरी तरह से आश्वस्त हैं और वह वनडे वर्ल्ड कप में भाग लेंगे। कोहली का प्रदर्शन और फिटनेस शानदार है और उनमें रनो की भूख पहले की तरह बनी हुई है। उन्हें कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है।'
यह भी पढ़ें: विदेशी लीग में खेलने के लिए जल्दी रिटायर हो रहे हैं खिलाड़ी, अब क्या करेगा BCCI?
बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित की फिटनेस पर जहां सवालिया निशान हैं, वहीं कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं।