logo

मूड

ट्रेंडिंग:

थाईलैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे सात्विक-चिराग, मलेशियाई जोड़ी को हराया

भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी थाईलैंड ओपन के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने 82 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को हराया।

satwik chirag

सात्विक-चिराग, Photo Credit: PTI

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय जोड़ी ने शनिवार (16 मई) को 82 मिनट तक चले सेमीफाइनल में मलेशिया के गोह स्जे फी और नूर इज्जुद्दीन को 19-21, 22-20, 21-16 से हराया। सात्विक-चिराग 2019 और 2024 में थाईलैंड ओपन जीत चुके हैं। वह तीसरा फाइनल खेलने उतरेंगे। उनके सामने इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन की चुनौती होगी।

 

चिराग ने जीत के बाद कहा, 'अच्छा लग रहा है। हमने साल की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं की थी और अच्छी शुरुआत नहीं होने की वजह से हम मानसिक रूप से भी मजबूत नहीं थे।' उन्होंने आगे कहा, 'बतौर खिलाड़ी हम सचमुच जवाब चाहते थे। आखिरकार थॉमस कप में मिले ब्रॉन्ज मेडल ने हमारे आत्मविश्वास में काफी बढ़ोतरी की और अब हम यहां साल का अपना पहला फाइनल खेल रहे हैं। उम्मीद है कि हम यह खिताब लेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: सुपर चेस क्लासिक: प्रज्ञानानंदा ने वर्ल्ड चैंपियनशिप चैलेंजर सिंदारोव को हराया

अपने बयानों को लेकर चर्चा में थे सात्विक-चिराग

डेनमार्क में थॉमस कप में ब्रॉन्ज जीतने के बाद भी बैडमिंटन को भारत में तरजीह और प्रशंसा नहीं मिलने को लेकर अपने बयान से सात्विक और चिराग हाल ही में चर्चा में रहे थे। उन्होंने हालांकि बाहरी शोर से किनारा करते हुए शानदार प्रदर्शन करते फाइनल में प्रवेश किया। मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 7-2 का था लेकिन गोह और इजुद्दीन ने पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उन्हें हराया था। 

 

यह भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट से रिटायर क्यों हुए विराट कोहली? जवाब तो गोलमोल है

निर्णायक गेम में हावी रहे सात्विक-चिराग 

मलेशियाई जोड़ी ने अच्छी शुरूआत करके 3-1 की बढत बना ली लेकिन सात्विक और चिराग ने स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया। पहले गेम में मलेशियाई जोड़ी ने ब्रेक तक 11-8 की बढत बना ली। चिराग की गलती से शटल नेट में चली गई और अंतर बढ गया। पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीता।  इसके बाद दूसरे गेम में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 3-3 से 6-6 हो गया। भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढत बना ली लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढत 10-9 की रह गई। ब्रेक के बाद फिर स्कोर 13-13 हो गया।

 

चिराग ने भारत को 16-14 से बढत दिलाई लेकिन फिर रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16-16 हो गया। भारतीय जोड़ी ने फिर 19-16 की बढत बनाई और एक समय स्कोर 20-20 था, जब भारतीय जोड़ी ने इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर यह गेम जीता। निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी हावी रही और मलेशियाई जोड़ी वापसी नहीं कर पाई।


और पढ़ें