भारतीय टी20 टीम की लीडरशिप में बड़ा बदलाव हुआ है। सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है। वहीं अक्षर पटेल की जगह तिलक वर्मा को उप-कप्तानी दी गई है। सूर्या ने हाल ही में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया था लेकिन लचर फॉर्म के कारण वह कप्तानी के साथ-साथ टीम से भी अपनी जगह गंवा बैठे।
35 साल के हो चुके सूर्या पिछले साल से ही खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। वह टी20 वर्ल्ड कप में 9 पारियों में सिर्फ 136.72 की औसत से 242 रन ही बना पाए। इसके बाद सूर्या IPL 2026 में भी फ्लॉप रहे, जहां वह 13 पारियों में 147.54 के स्ट्राइक रेट से महज 270 रन ही जोड़ पाए, जिसके चलते अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमिटी ने भविष्य की ओर देखते हुए उन पर कड़ा फैसला लिया।
श्रेयस ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था। ढाई साल तक टीम कॉम्बिनेशन के कारण बाहर रहने के बाद अब उनकी सीधे कप्तान के तौर पर भारतीय टी20 टीम में एंट्री हुई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि श्रेयस ने कप्तानी में ऐसा किया है, जिससे उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: जो जडेजा-अश्विन नहीं कर सके, वह सुथार ने कर दिखाया, डेब्यू टेस्ट में रचा इतिहास
IPL में सफल रहे हैं श्रेयस
मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस IPL में कप्तान के तौर पर सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 2020 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उसके पहले IPL फाइनल में पहुंचाया था। इसके बाद उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को खिताब जिताया। वह पिछले दो सीजन से पंजाब किंग्स (PBKS) से जुड़े हुए हैं। श्रेयस ने 2025 में PBKS को फाइनल में पहुंचाकर इतिहास रचा था। वह 3 अलग-अलग टीमों को IPL फाइनल में पहुंचाने वाले पहले कप्तान बने थे।
श्रेयस की कप्तानी में IPL टीमों का प्रदर्शन
- DC - 41 में से 23 मैच जीती (विन पर्सेंट - 56)
- KKR - 28 में से 17 मैच जीती (विन पर्सेंट - 61)
- PBKS - 29 में से 17 मैच जीती (विन पर्सेंट - 59)
यह भी पढ़ें: जिस कारण BCCI ने छीनी टेस्ट की उप-कप्तानी, वही गलती कर बैठे ऋषभ पंत
मुंबई को बना चुके हैं SMAT चैंपियन
श्रेयस का IPL ही नहीं भारतीय घरेलू क्रिकेट में भी बतौर टी20 कप्तान बेहतरीन रिकॉर्ड है। उन्होंने मुंबई को 2024 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) का खिताब जिताया था। श्रेयस ने 13 टी20 मैचों में मुंबई की कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने 11 मैचों में टीम को जीत दिलाई है। इस दौरान उनका विन पर्सेंट 85 रहा है।
बाकी फॉर्मेट में क्या हाल है?
दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस ने 45 लिस्ट-ए मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने 32 मैच जीते हैं। 50 ओवर फॉर्मेट में उनका विन पर्सेंट 71 है। उनके पास इस फॉर्मेट में इंडिया-ए, इंडिया-बी और मुंबई की अगुवाई करने का अनुभव है। श्रेयस ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक मुंबई की कमान नहीं संभाली है। उन्हें इंडिया-ए और इंडिया-डी को लीड करने का जरूर मौका मिला है। हालांकि वह रेड बॉल क्रिकेट में कप्तान के तौर पर उतने सफल नहीं रहे हैं। वह 8 में से 3 ही मैच जीत पाए हैं।