श्रीलंका-ए ने इंडिया-ए को एशिया कप राइजिंग स्टार्स से बाहर कर दिया है। दोहा में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंडिया-ए ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे श्रीलंका-ए ने 41.3 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। श्रीलंका-ए की ओर से सिनेथ जयवर्धने और लसिथ क्रूसपुले ने शतकीय पारी खेली। वहीं निशान मदुश्का ने 58, जबकि कप्तान पवन रत्नायके ने 16 गेंद में नाबाद 31 रन जड़े।
जयवर्धने और क्रूसपुले ने 21.3 ओवर में 174 रन की ओपनिंग साझेदारी कर इस बड़ी जीत की नींव रखी। जयवर्धने ने सिर्फ 62 गेंद में अपना शतक पूरा किया है। वह 70 गेंद में 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से 105 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। उनके पवेलियन लौटने के बाद क्रूसपुले ने मोर्चा संभाला और 107 गेंद में 116 रन ठोके। उनके बल्ले से 12 चौके और 3 छक्के निकले। क्रूसपुले 265 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद मदुश्का और रत्नायके ने श्रीलंका-ए को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इंडिया-ए के सभी गेंदबाज बेहाल नजर आए। अरशद खान ने 4 ओवर में 46 रन लुटा दिए। तनुष कोटियान ने 6 ओवर में 48 रन खर्चे। हर्षित राणा भी महंगे रहे। उन्होंने 7 ओवर में 61 रन दिए। उनके खाते में एक विकेट रहे। शाहबाज अहमद ने 10 ओवर में 60 रन देकर एक विकेट लिया। लेफ्ट आर्म स्पिनर हर्ष दुबे ने अपने कोटे के पूरे 10 ओवर डाले लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: बिना क्रीज पर आए ही बोल्ड हुई बल्लेबाज, WBBL में ऐसा कौनसा नियम आ गया?
शाहबाज अहमद की मेहनत पर फिरा पानी
वैभव सूर्यवंशी
और अभिषेक शर्मा ने इंडिया-ए को आतिशी पारी शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 80 रन की साझेदारी की। वैभव 27 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक और कप्तान
तिलक वर्मा
ने टीम को 150 के पार पहुंचाया लेकिन यह जोड़ी टूटते ही इंडिया-ए की पारी बिखर गई। इंडिया-ए ने 235 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। उसका 300 के करीब पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन शाहबाज अहमद ने 48 गेंद में 54 रन की नाबाद पारी खेल उसे सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। शाहबाज ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए इंडिया-ए को पहली सफलता दिलाई लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल पाया।
यह भी पढ़ें: SMAT: मुशीर खान का फिर गरजा बल्ला, मुंबई की लगातार छठी जीत
अभिषेक (63 गेंद में 78) और तिलक (66 गेंद में 53) की अर्धशतकीय पारियां भी बेकार चली गईं। श्रीलंका-ए की ओर से रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानगे और निपुण धनंजय ने 2-2 विकेट लिए। फाइनल में श्रीलंका-ए की टक्कर पाकिस्तान-ए या बांग्लादेश-ए से होगी।