श्रीलंका दौरे पर आई इंग्लैंड टीम को पहले वनडे मैच में 19 रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और 6 विकेट खोकर 271 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लिश टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए थे और वह आसानी से जीतती दिख रही थी लेकिन बेन डकेट (62) के आउट होते ही पूरी कहानी बदल गई।
श्रीलंकाई गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और इंग्लैंड को 252 रन पर ही ढेर कर दिया। मेजबान टीम ने इसके साथ ही 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। आज (24 जनवरी) 3 मैचों की इस सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। श्रीलंका ने एक बार फिर टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है। उसकी निगाहें सीरीज अपने नाम करने पर है। दूसरी ओर इंग्लैंड बराबरी हासिल करने की फिराक में है। जानिए इस मुकाबले को भारत में कैसे देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: ईशान किशन ने मैच जिताया लेकिन टीम इंडिया को 'गंभीर' टेंशन भी दे दी
कैसे देखें SL vs ENG वनडे मैच?
श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच को भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है। मोबाईल पर इस मुकाबले को देखने के लिए फैनकोड ऐप्प पर जाना होगा। फैनकोड वेबसाइट पर भी लाइव स्ट्रीमिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने अपने पैर पर ही मारी कुल्हाड़ी, बाबर आजम को टी20 टीम में किया शामिल
इंग्लैंड की टीम में एक बदलाव
इंग्लैंड की टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। जैक क्रॉली घुटने की चोट के चलते मुकाबले से बाहर हो गए थे। उनकी जगह विल जैक्स को प्लेइंग-XI में शामिल किया गया। हालांकि बेन डकेट के साथ विल जैक्स नहीं बल्कि रेहान ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। इंग्लैंड की टीम शीट में लेग स्पिनर रेहान अहमद को नंबर-1 पर रखा गया है। श्रीलंकाई टीम में कोई बदलाव नहीं है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
इंग्लैंड - रेहान अहमद, बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, सैम करन, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, आदिल राशिद
श्रीलंका - पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरिथ असलंका (कप्तान), जेनिथ लियानगे, पवन रत्नायके, दुनिथ वेल्लालगे, प्रमोद मदुशन, जेफरी वांडरसे, असिथा फर्नांडो