ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक के साथ शुरुआत करने वाली श्रीलंकाई टीम को ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद उसने सुपर-8 लगातार दूसरा मुकाबला गंवा दिया है। इंग्लैंड से पिटने के बाद श्रीलंकाई टीम अब न्यूजीलैंड से भी हार गई है। इस हार के साथ ही टूर्नामेंट की सह-मेजबान श्रीलंकाई टीम बाहर हो गई है।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी कीवी टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए और फिर श्रीलंका को 107/8 के स्कोर पर रोक 61 रन से विशाल जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड की जीत से पाकिस्तान को भी 440 वोल्ट का झटका लगा है। पाक टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग धूमिल हो गई हैं। सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। वहीं न्यूजीलैंड ने 3 पॉइंट्स और 3.050 के नेट रन रेट के साथ अंतिम-4 में पहला कदम रख दिया है।
यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड कप जीतना...' बैटिंग कोच ने बताया अब टीम इंडिया को क्या करना होगा!
पाकिस्तान के लिए कैसे बनेगी बात?
न्यूजीलैंड की बड़ी जीत का मतलब है कि अब पाकिस्तान का सेमीफाइनल में जाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन हो गया है। पाक टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड शुक्रवार (27 फरवरी) को अपने आखिरी सुपर-8 मैच में इंग्लैंड से हार जाए। सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम को इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को जीत दर्ज करनी होगी। हालांकि इतने से भी बात नहीं बनेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि दोनों टीमों के पास 3-3 पॉइंट्स होंगी। इस स्थिति में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। अगर इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड जीत जाता है तो फिर पाकिस्तान का बोरिया बिस्तर बंध जाएगा।
यह भी पढ़ें: सुधर सकता है इंडिया का नेट रन रेट, जिम्बाब्वे के खिलाफ करने होंगे ये काम
सैंटनर-मैकॉन्ची ने पलटा मैच
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 84 रन तक पहुंचते-पहुंचते 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान मिचेल सैंटनर ने कोल मैकॉन्ची के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और सातवें विकेट के लिए 47 गेंद में 84 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूत स्कोर तकत पहुंचाया दिया। सैंटनर ने आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 26 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 47 रन ठोके। मैकॉन्ची ने 23 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। श्रीलंका की ओर से महीश थीक्षना और दुष्मंता चमीरा ने 3-3 विकेट लिए।
श्रीलंका टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी भी मुकाबले में नहीं दिखी। वह पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 20 रन ही बना पाई। इसके बाद उसे रचिन रवींद्र ने लगातार चार झटके दिए और उसकी बड़ी हार तय कर दी। सिर्फ कामिंदु मेंडिस ही कुछ इंटेंट दिखा सके। उन्होंने 23 गेंद में 31 रन बनाए। रचिन रवींद्र ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने 22 गेंद में 32 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।