सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में भारत को विश्व विजेता बना दिया है। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने रविवार को अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा। सूर्या घरेलू सरजमीं पर अपनी टीम को टी20 का वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बने। साथ ही उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने अपने खिताब का बचाव किया। यह भी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हुआ।
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद सूर्या के चाचा विनोद यादव ने पूर्वांचल की प्रतिभा को निखारने के लिए गाजीपुर जिले में हर तरह की सुविधाओं से लैस एक खेल स्टेडियम तैयार करने की मांग की है। विनोद यादव ने सोमवार को PTI से बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव से मिले थे, जिन्होंने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह गाजीपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में रखेंगे।
यह भी पढ़ें: 'शर्म करो टीम इंडिया...' T20 WC ट्रॉफी को मंदिर ले जाने पर भड़का यह दिग्गज
CM योगी से भी कह चुके हैं सूर्या
विनोद यादव ने यह भी बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के दौरान सूर्यकुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान इस बारे में बात की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांग पूरी करेगी। विनोद यादव ने कहा कि उनके भाई अशोक यादव और भाभी सपना यादव (सूर्या के माता-पिता) फरवरी के मध्य में हथौरा गांव आए थे। उन्होंने गांव के मंदिर के दर्शन किये और फिर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद वे फाइनल मैच देखने अहमदाबाद चले गए।
यह भी पढ़ें: कप्तान सूर्या बाहर... संजू की एंट्री, ICC ने किया टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान
सूर्या के गांव में जश्न का माहौल
सूर्या के चाचा ने कहा कि हथौरा गांव में भारत की जीत के बाद लोग नाचने लगे थे। विनोद यादव ने आगे बताया कि सूर्या के गाजीपुर आने की जानकारी मिलते ही जिले में एक बड़ा जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के लिए हथौरा गांव में उनके आवास पर कल रात एक बड़ी LED TV लगाई गयी थी, जहां बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने मैच का लुत्फ उठाया। न्यूजीलैंड के आखिरी विकेट गिरने के साथ ही वहां मौजूद दर्शक खुशी से नाचने लगे और फिर सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। भारत की जीत के बाद रविवार रात लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों की सड़कों पर फैंस जश्न में तिरंगा लहराते हुए खुशी से झूमते देखे गए।