इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट खत्म होने के अगले दिन ICC ने 12 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की, जिन्हें इस टीम में जगह मिली है। हैरानी की बात है कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस टीम से बाहर रखा गया है। इस टूर्नामेंट में सूर्या भले ही बल्ले से उतने रंग में नहीं दिखे लेकिन उनकी कप्तानी जबरदस्त रही थी, जिससे भारत ने अपने टाइटल को डिफेंड किया।
सूर्या ने 9 मैचों में 242 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 136.72 का रहा। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। एक और हैरान करने वाली बात है कि फाइनल खेलने वाली कीवी टीम के किसी प्लेयर को ICC की टीम में नहीं रखा गया है। ICC ने एडन मारक्रम को कप्तान बनाया है। मारक्रम की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल तक का सफर तया किया था। मारक्रम ने टूर्नामेंट में 8 मैचों में 165.31 के स्ट्राइक रेट से 286 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: 'मैं दो साल बाहर रहा हूं...' ईशान किशन ने मजाक-मजाक में बयां किया दर्द
इन भारतीय खिलाड़ियों की एंट्री
ICC की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को जगह मिली है। संजू ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ 5 मैच खेले और वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन (321) बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके बाद ईशान किशन (317) दूसरे नंबर पर रहे थे। हार्दिक पंड्या ने 217 रन बनाने के अलावा 9 विकेट भी झटके। वहीं बुमराह ने 8 मैचों में 14 विकेट लिए। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 पर रहे। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शिवम दुबे को इस टीम में नहीं रखा गया है।
यह भी पढ़ें: 'ललित मोदी का सपोर्ट मत लेना यार...' गौतम गंभीर का थैंक्यू वायरल क्यों हो गया?
पाकिस्तानी बल्लेबाज को ओपनिंग की जिम्मेदारी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सर्वोच्च स्कोरर (383) पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को ओपनर के तौर पर चुना गया है। उनके साथ दूसरे ओपनर संजू को रखा गया है। ईशान किशन को नंबर-3 की जिम्मेदारी दी गई है। ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के दो-दो खिलाड़ियों को रखा है। वहीं पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और अमेरिका के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।
ICC टीम ऑफ द टूर्नामेंट: साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, एडन मारक्रम, हार्दिक पंड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगि एनगिडी, आदिल रशीद, ब्लेसिंग मुजारबानी, शेडली वैन शाल्कविक