logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सैयद मोदी इंटरनेशनल 2026: त्रिसा-गायत्री की जोड़ी क्वार्टर-फाइनल में पहुंची

त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर-फाइनल में पहुंच गई है। इसके अलावा 4 अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अंतिम-8 में प्रवेश किया।

Treesa Jolly and Gayatri Gopichand BWF World Championships 2026

त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, File Photo Credit: BAI Media/X

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने गुरुवार (26 नवंबर) को सीधे गेम में जीत दर्ज करके अपना खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया। साथ ही 4 अन्य भारतीय महिला खिलाड़ियों ने भी अंतिम-8 में प्रवेश किया। अगस्त में वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली त्रिसा और गायत्री की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन को 21-9, 21-8 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई।

 

विमेंस सिंगल्स में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा, तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करके क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। तन्वी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया की मुटियारा आयु पुस्पितासारी को 1 घंटे 8 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-18 से हराया। 

 

उन्नति ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 21-14, 21-18 से शिकस्त दी, जबकि तस्नीम ने उलटफेर करते हुए छठी वरीयता प्राप्त स्कॉटलैंड की कर्स्टी गिल्मोर को 21-19, 21-15 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में प्रवेश किया। अनमोल ने दूसरे दौर के मुकाबले में इस साल कोरिया मास्टर्स का खिताब जीतने वाली और पांचवीं वरीयता प्राप्त अश्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराया।

 

यह भी पढ़ें: बिना क्रीज पर आए ही बोल्ड हुई बल्लेबाज, WBBL में ऐसा कौनसा नियम आ गया?

मेंस सिंगल्स में तुषार क्वार्टर-फाइनल में पहुंचे

मेंस सिंगल्स के शुरुआती दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त जस्टिन होह को हराने वाले तुषार सुवीर ने क्वालिफायर शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। मेंस डबल्स में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मेल कैटोएन और लुकास रेनोयर की फ्रांस की जोड़ी को 21-12, 22-20 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

 

मिक्स्ड डबल्स में विराज कुवाले और रुतपर्णा पांडा ने फ्रांस के ग्रेगोइरे डेशां और डेनमार्क की इबेन बर्गस्टीन की जोड़ी को 16-21, 21-13, 21-17 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन की जोड़ी ने भी अपने हमवतन आयुष मखीजा और अनघा अरविंद को 22-20, 21-23, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। हालांकि भव्या छाबड़ा और अदिति भट को कैलम हेमिंग और एस्टेल वान ल्यूवेन की इंग्लैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ 11-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, 20 चाल में खत्म हुआ मुकाबला

बाकी खिलाड़ियों के लिए कैसा रहा दिन?

विमेंस डबल्स में अश्विनी भट के और शिखा गौतम की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मान्या रहलान और रेशिका उथायसूरियन को 16-21, 21-12, 21-19 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ को इंडोनेशिया की नी कादेक धिंदा अमर्त्य प्रतिवी ने 21-9, 9-21, 21-17 से हराया। तान्या हेमंत को मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ 21-16, 13-21, 17-21 से हार मिली। 

 

रक्षित रामराज भी शीर्ष वरीय जापान की रिको गुनजी से 13-21, 19-21 से हारकर बाहर हो गईं। मेंस सिंगल्स में गिनपॉल सोन्ना ने फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त आरनॉड मर्कल के खिलाफ एक गेम जीता लेकिन उन्हें 5-21, 21-9, 5-21 से हार का सामना करना पड़ा। क्वालिफायर प्रणय शेट्टीगर भी मलेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्त ली जी जिया के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार गए। 

 

मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की शीर्ष वरीय जोड़ी को वी यी हर्न और वन्नी गोबी की मलेशिया की जोड़ी ने 22-20, 21-15 से हराकर बाहर कर दिया। ध्रुव रावत और के मनीषा की सातवीं वरीय जोड़ी भी एम नवाफ खोइरियानस्याह और इंदाह चहाया सारी जमील की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ 16-21, 15-21 से हार गई। 

 

विमेंस डबल्स में तीन अन्य भारतीय जोड़ियों को भी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को इस्याना स्याहिरा मेइदा और रिंजानी क्विन्नारा नास्तिने की इंडोनेशिया की चौथी वरीय जोड़ी ने 21-10, 21-6 से हराया। अदिति और श्रावणी वालेकर को हथाइथिप मिजाद और नापापाकोर्न तुंगकासतान की थाईलैंड की पांचवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 18-21, 14-21 से हार मिली। समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया को मार्गो लैम्बर्ट और कैमिल पोगनांटे की फ्रांस की सातवीं वरीय जोड़ी ने 21-16, 21-10 से शिकस्त दी।


और पढ़ें