इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे महानतम व्हाइट-बॉल बल्लेबाज जोस बटलर इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। 35 साल के बटलर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार चार मैचों में सिंगल डिजिट स्कोर में आउट होने के बाद अब खाता भी नहीं खोल पाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वह 2 गेंद खेलकर डक पर आउट हुए। लॉकी फर्ग्यूसन ने उन्हें विकेट के पीछे लपकवाया।
बटलर के बल्ले को लगी जंग
दाएं हाथ के बल्लेबाज बटलर ने इस टी20 वर्ल्ड कप से पहले श्रीलंका के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज में 81 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने इस सीरीज में क्लीन स्वीप किया था और बटलर उसके दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। बटलर कोई पचासा तो नहीं लगा पाए थे लेकिन उन्होंने हर मुकाबले में अच्छी पारियां खेली थीं
इंग्लिश टीम को उम्मीदें रही होंगी कि वह टी20 वर्ल्ड कप में अपना जलवा दिखाएंगे लेकिन इस विस्फोटक बल्लेबाज का बल्ला यहां भी खामोश है। नेपाल और वेस्टइंडीज के खिलाफ क्रमश: 26 और 21 रन की पारियां खेलने के बाद अगले चार मैचों में उन्होंने 3,3,7 और 2 रन का स्कोर किया। वह स्कॉटलैंड और इटली जैसी एसोसिएट्स टीमों के सामने भी फ्लॉप रहे।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के शेड्यूल में बदलाव, देरी से शुरू होगा टूर्नामेंट, इस दिन है फाइनल
सेमीफाइनल में ड्रॉप होंगे बटलर?
इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन बटलर सुपर-8 के तीन मैचों में सिर्फ 9 रन ही बना पाए। उन्हें सेमीफाइनल में इंग्लिश टीम ड्रॉप कर सकती है। बटलर की जगह बेन डकेट को उतारा जा सकता है। डकेट पारी की शुरुआत करने के साथ ही ग्लव्स की भी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बटलर का प्रदर्शन
- बनाम श्रीलंका - 0
- बनाम पाकिस्तान - 2
- बनाम इटली - 3
- बनाम स्कॉटलैंड - 3
- बनाम वेस्टइंडीज - 21
- बनाम नेपाल - 26
यह भी पढ़ें: टूट ही जाएगा विराट कोहली का 12 साल पुराना रिकॉर्ड? एक पाकिस्तानी भी पड़ा है पीछे
इंग्लैंड की पारी लड़खड़ाई
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया है। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 8 गेंद के अंदर अपने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए। बटलर से पहले फिल सॉल्ट 2 रन बनाकर आउट हुए थे। 2 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद हैरी ब्रूक (24 गेंद में 26 रन) और जैकब बेथेल (16 गेंद में 21 रन) ने पावरप्ले में इंग्लैंड को और झटके नहीं लगने दिए। हालांकि इसके बाद दोनों लगातार ओवरों में चलते बने, जिससे इंग्लैंड का स्कोर 58/4 हो गया। अगर इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम हार जाती है तो पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।