टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 में पहुंचने वाली 7वीं टीम मिल गई है, यह टीम जिम्बाब्वे है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा और टीम ग्रुप में दो हार के बाद यह टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। यह बड़ा उलटफेर सबसे पहले 13 फरवरी को हुआ, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हरा दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आपको बता दें कि 17 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि वह सुपर 8 की रेस में बना रहेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। असल में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 32वां मैच 17 फरवरी को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाना था लेकिन बारिश की वजह से बिना टॉस हुए मैच रद्द हो गया। नतीजतन, जिम्बाब्वे सुपर 8 में पहुंच गया जबकि ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गया।
यह भी पढ़ें: कनाडा को हराकर सुपर-8 में पहुंचा न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान की उम्मीदें खत्म
कैसे बाहर हुआ ऑस्ट्रेलिया?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में है। इस ग्रुप से जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने सुपर 8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अगर जिम्बाब्वे टूर्नामेंट के 32वें और 38वें मैच में हार जाता और ऑस्ट्रेलिया अपना अगला मैच ओमान के खिलाफ बड़े अंतर से जीत जाता तभी कंगारू सुपर 8 में पहुंच सकते थे। अब जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिला है। इस वजह से, पॉइंट्स टेबल में तीन मैचों के बाद जिम्बाब्वे के पांच पॉइंट हैं। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के तीन मैचों के बाद सिर्फ दो पॉइंट हैं।
यह भी पढ़ें: बॉयकॉट से लेकर बेइज्जती तक... मोहसिन नकवी के सामने 6 बार हारा पाकिस्तान
जिम्बाब्वे का सुपर-8 शेड्यूल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप जी1 अब तय हो गया है। इसमें भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं। ग्रुप जी1 के सभी मैच भारत में ही होंगे।
- 23 फरवरी: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज (मुंबई)
- 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे (चेन्नई)
- 1 मार्च: जिम्बाब्वे बनाम साउथ अफ्रीका (दिल्ली)