वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के उप-कप्तान
तिलक वर्मा
ने नाबाद 44 रन की तूफानी पारी खेली। तिलक ने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और 3 छक्के उड़ाए। उन्होंने ये 3 छक्के आखिरी ओवर की पहली 3 गेदों पर ही जड़ दिए। 'धोनी के घर' यानी रांची में तिलक ने डेथ ओवर्स में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए बताया कि वह इस फेज में कितने घातक हैं।
डेथ ओवर्स (17-20) शुरू होने से पहले तिलक 6 गेंद में 10 रन पर थे। इसके बाद उन्होंने 12 गेंद में 34 रन जड़ दिए। तिलक ने इस साल टी20 क्रिकेट के डेथ ओवर्स में महज 178 गेंद में 232.58 के स्ट्राइक रेट से 414 रन बटोर लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 25 चौके और 35 छक्के लगाए हैं। 2026 में इस फेज में कम से कम 100 गेंद खेलने वाले 58 बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा है।
यह भी पढ़ें: IND-A vs AUS-A: दूसरा वनडे भी हार गई इंडिया-ए, ऑस्ट्रेलिया-ए ने जीती सीरीज
विंडीज के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर
रांची में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर टीम इंडिया ने 5 विकेट के नुकसान पर 249 रन का स्कोर खड़ा किया। यह टी20 में विंडीज टीम के खिलाफ भारतीय टीम का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
संजू सैमसन
(82) और ईशान किशन (43) ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की आतिशी साझेदारी कर विशाल स्कोर की नींव रखी। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (40) और तिलक ने जमकर आतिशबाजी करते हुए भारत को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया।
भारतीय बल्लेबाजों ने रोस्टन चेज को छोड़कर सभी कैरेबियाई गेंदबाजों की तबीयत से धुनाई की। ऑफ स्पिनर चेज ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वह 10 से कम की इकॉनमी वाले वेस्टइंडीज के इतलौते गेंदबाज रहे। अकील हुसैन और शमार स्प्रिंगर जैसे गेंदबाजों की इकॉनमी 15 से ऊपर रही। वहीं शमार जोसेफ ने प्रति ओवर 13 रन खर्चे। रोमारियो शेफर्ड अपने कोटे के 4 ओवर पूरे नहीं कर पाए। मैदान से बाहर जाने से पहले उन्होंने 3.4 ओवर में 47 रन लुटाए।
यह भी पढ़ें: हॉकी: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हुआ पाकिस्तान, बांग्लादेश को मिला मौका
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह
वेस्टइंडीज - शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शमार स्प्रिंगर, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ