वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2025 सीजन में 35 गेंद में शतक ठोककर सनसनी मचा दी थी। वह सबसे कम में टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 13 साल की उम्र में IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में खरीदा था। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने रविवार (15 मार्च) को BCCI नमन अवॉर्ड 2026 के दौरान बताया कि राजस्थान रॉयल्स की स्काउटिंग टीम काफी समय से उन पर नजर रख रही थी।
वैभव ने कहा, 'जब मैंने घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया, तब से राजस्थान रॉयल्स मेरे घरेलू और अंडर-19 मैच पर नजर रख रही थी। उनकी स्काउटिंग टीम काफी समय से मुझे देख रही थी। मेरा ट्रायल उनके साथ बहुत अच्छा गया था इसलिए मुझे लगा कि मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ जा सकता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलकर खुश हूं, क्योंकि यहां खेलते हुए मेरे जीवन में भी काफी सुधार आया है।'
यह भी पढ़ें: एक स्लॉट, दो दावेदार; रिकलटन-डिकॉक में से किसे चुनेंगे हार्दिक पंड्या?
'राहुल सर से बहुत कुछ सीखा...'
वैभव ने यह भी बताया कि उन्होंने दिग्गज राहुल द्रविड़ और टीम के सीनियर खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा, 'किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए पहला IPL कैम्प हमेशा दिलचस्प होता है और मेरे साथ भी ऐसा ही था। उस समय राहुल द्रविड़ सर वहां थे इसलिए मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। टीम में कई सीनियर खिलाड़ी थे और पहले कैम्प के साथ-साथ पहले IPL में भी उनसे काफी सीखने का अनुभव मिला।'
यह भी पढ़ें: RCB के बॉलर यश दयाल ने गुपचुप रचाई शादी, श्वेता पुंढीर को बनाया हमसफर
IPL जीतने पर है फोकस
महज 14 साल की उम्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बन चुके वैभव ने कहा कि उनका अगला टारगेट IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए ट्रॉफी जीतना है। बाएं हाथ के इस विध्वंसक बल्लेबाज ने पिछले महीने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन ठोके थे और टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब उनका पूरा फोकस IPL पर है। वैभव ने कहा, 'इस IPL सीजन में मेरा टारगेट टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण है। मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं ताकि मेरी पारी से पूरी टीम को फायदा मिले। मेरा उद्देश्य राजस्थान रॉयल्स की जीत में योगदान देना और फ्रेंचाइजी के लिए ट्रॉफी जीतना है।'
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव ने अवॉर्ड समारोह में अपने वर्ल्ड कप विजेता साथियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, 'बहुत अच्छा लग रहा है। वर्ल्ड कप में भारत के लिए ट्रॉफी भी जीती। इस अवॉर्ड समारोह की वजह से यहां अपने साथियों और कोचों से फिर से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है।'