टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के ग्रुप-2 का रोमांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आज, 24 फरवरी को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है। यह मैच न केवल दोनों टीमों की साख के लिए अहम है बल्कि इससे टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल फाइनलिस्ट की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो सकती है।
सुपर 8 के ग्रुप-2 के इस महत्वपूर्ण मैच में दोनों टीमों की स्थिति अलग-अलग है। सलमान आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम के लिए पिछला हफ्ता निराशाजनक रहा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका पहला सुपर-8 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। जिससे उन्हें केवल एक अंक से संतोष करना पड़ा। अब पाकिस्तान के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। यदि पाकिस्तान आज हारता है, तो उसे सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अन्य टीमों के नतीजों और रन-रेट के भरोसे रहना होगा।
यह भी पढ़ें: SA, WI की हार, जिम्बाब्वे की एक जीत, समझिए सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकता है भारत
पल्लेकेले की पिच के इतिहास को देखते हुए उम्मीद है कि आज गेंद काफी टर्न लेगी। इसलिए दोनों टीमें अपनी बैटिंग से ज्यादा स्पिन बॉलिंग पर भरोसा करेंगी। बीच के ओवरों में स्पिनरों पर लगाम लगाना और विकेट बचाना जीत की चाबी साबित होगा।
आज तय होगा पहला सेमीफाइनलिस्ट?
सुपर 8 के ग्रुप 2 में पाकिस्तान के लिए आज का मैच करो या मरो वाला है लेकिन इंग्लैंड पूरे जोश के साथ मैदान में उतरेगा। इंग्लैंड ने अपने पिछले मैच में को-होस्ट श्रीलंका को एकतरफा हराया था। अगर इंग्लैंड आज जीत जाता है तो वह चार पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में लगभग अपनी जगह पक्की कर लेगा। अगर इंग्लैंड आज हार जाता है तो पाकिस्तान तीन पॉइंट्स के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच जाएगा। जिससे सेमीफाइनल के नजरिए से इंग्लैंड के लिए अगला मैच करो या मरो वाला हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी 2026: कर्नाटक बनाम J-K का फाइनल मुकाबला फ्री में कहां देखें?
कब और कहां देखें लाइव मुकाबला?
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। इस मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टीवी पर किया जाएगा। आप जियोहॉटस्टार के जरिए अपने मोबाइल और लैपटॉप पर लाइव स्ट्रीमिंग का मजा ले सकते हैं। आज का मैच तय करेगा कि इंग्लैंड ग्रुप 2 में अपना दबदबा बनाए रखता है या पाकिस्तान मजबूत वापसी करके ग्रुप के समीकरणों को और मुश्किल बनाता है।