सुपर-8 में मुश्किल में फंसी दिख रही टीम इंडिया को आज हर हाल में जिम्बाब्वे को हराना होगा। भारत और जिम्बाब्वे के मैच से पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का मैच होना है। दोनों टीमें अपना पहला मैच जीत चुकी हैं और अब किसी एक का हारना लगभग तय है। इस स्थिति में भारत को यह देखना होगा कि किसकी जीत या किसकी हार उसके लिए ज्यादा फायदेमंद होगी। अगर वेस्टइंडीज यह मैच हारता है तो भारत की राह ज्यादा आसान हो सकती है। वहीं, अगर साउथ अफ्रीका को हार मिली तो भारत को यह उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे भी साउथ अफ्रीका को हरा दे।
प्वाइंट्स टेबल की स्थिति अभी यह है कि ग्रुप 1 की चारों टीमों ने एक-एक मैच खेले हैं। वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका को जीत मिली है तो भारत और जिम्बाब्बे को हार मिली है। वेस्टइंडीज का नेट रनरेट सबसे ज्यादा है और वह नंबर 1 पर है। एक और जीत हासिल करते ही सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो जाएगी। वहीं, अगर वह हार गया तो उसकी मुश्किल बढ़ जाएगी। दरअसल, भारत को अपने दोनों मैच जीतने हैं और इस क्रम में उसे वेस्टइंडीज को भी हराना है। अगर भारत ऐसा कर पाता है और वेस्टइंडीज आज का मैच भी हारता है तो साउथ अफ्रीका और भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे।
सबके पास मौका, सब पर खतरा
अभी तक इस ग्रुप में हर टीम के पास मौका बचा हुआ है। जिम्बाब्वे ने लीग स्टेज में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को हराया था ऐसे में उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है। हालांकि, पिछले मैच में वेस्टइंडीज ने जैसी पिटाई की थी, उसके बाद जिम्बाब्वे को भारत के खिलाफ बहुत मेहनत करनी होगी।
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: संजू सैमसन को खिलाने से कुछ नहीं होगा, पहले अप्रोच बदले टीम इंडिया!
भारत को पहले तो अपने दोनों मैच जीतने हैं और उम्मीद करनी है कि वेस्टइंडीज या साउथ अफ्रीका में से कोई एक टीम अपने दोनों मैच हार जाए। इस स्थिति में भारत आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
साउथ अफ्रीका के लिए समीकरण ऐसे हैं कि उसे भी कम से कम एक मैच जीतना है और दूसरे मैचों के नतीजों पर नजर रखनी है। अगर वेस्टइंडीज अपने सारे मैच जीतती है तो इसका मतलब यह होगा कि भारत सेमीफाइनल में नहीं जा पाएगा। वहीं, साउथ अफ्रीका के अपने तीनों मैच जीतने की स्थिति में भारत फायदे में आ सकता है।
कब और कहां खेला जाएगा WI vs RSA का मैच?
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका का यह मैच गुजरात के अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3 बजे से होगा और 2:30 टॉस हो जाएगा। इसका मतलब है कि अपना मैच खेलने से पहले भारतीय टीम यह मैच देख सकती है।
यह भी पढ़ें: सुधर सकता है इंडिया का नेट रन रेट, जिम्बाब्वे के खिलाफ करने होंगे ये काम
कहां देख सकते हैं यह मैच?
अगर आप यह मैच TV पर देखना चाहते हैं तो आपको स्टार स्पोर्ट्स के चैनल लगाने होंगे। अगर आप मोबाइल या लैपटॉप पर यह मैच देखना चाहते हैं तो जियो हॉटस्टार के ऐप या वेबसाइट पर जा सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए यह मैच बेहद अहम हो गया है क्योंकि भारत के सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदें भी अब काफी हद तक इस मैच से जुड़ी हुई हैं।