भारत की 17 साल की तीरंदाज कुमकुम मोहोड़़ ने शनिवार को जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। उन्होंने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को शूट-ऑफ में हराकर गोल्ड मेडल जीता। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला महिला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है।
कुमकुम एशियाई खेलों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी बन गई हैं। पांच सेट के बाद फाइनल 5-5 से बराबर रहा। फैसला एक तीर से हुआ। ओह येजिन का तीर 8 पर लगा। इसके बाद कुमकुम ने दबाव में संयम रखा और 10 के घेरे में तीर मारकर मुकाबला 6-5 से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 44 साल बाद भारत ने चीन को हराकर जीता हॉकी में गोल्ड
फाइनल में पिछड़ने के बाद की वापसी
ओह येजिन ने पहला सेट 29-27 से जीतकर 2-0 की बढ़त ली। दूसरा सेट 29-29 से बराबर रहा और कोरियाई खिलाड़ी की बढ़त 3-1 हो गई। तीसरे सेट में कुमकुम ने लगातार तीन 10 लगाकर पूरे 30 अंक बनाए। ओह को 29 अंक मिले और स्कोर 3-3 हो गया। चौथा सेट ओह ने 28-27 से जीतकर फिर बढ़त बना ली।
यह भी पढ़ें: रेसलिंग और बॉक्सिंग में गोल्ड; परवीन हुड्डा, सुजीत और अंकुश ने अपने नाम किए मेडल
कैसे हारते-हारते बाजी पलटी?
पांचवें सेट में कुमकुम के सामने हार का खतरा था। उन्होंने तीन 10 लगाकर 30 अंक बनाए, जबकि ओह को 28 अंक मिले। इससे मुकाबला 5-5 पर पहुंचा और शूट-ऑफ हुआ। कुमकुम इस मुकाबले से पहले ही शुक्रवार को दो पदक जीत चुकी थीं। उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला एशियाई खेल पदक है।
बाद में उन्होंने धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में सिल्वर जीता। इस फाइनल में भारत चीन से 3-5 से हार गया। व्यक्तिगत स्पर्धा में कुमकुम ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की विश्व और ओलंपिक चैंपियन कांग चेयोंग को 6-4 से हराया। सेमीफाइनल में उन्होंने चीन की विश्व चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट झू जिंग्यी को 6-2 से हराया।
यह भी पढ़ें: रेसलिंग और बॉक्सिंग में गोल्ड; परवीन हुड्डा, सुजीत और अंकुश ने अपने नाम किए मेडल
तरुणदीप राय का रिकॉर्ड टूट गया
एशियाई खेलों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भारत का इससे पहले एकमात्र पदक 2010 के ग्वांगझू खेलों में तरुणदीप राय का सिल्वर था। कुमकुम की इस जीत के बाद भारत के कुल पदक बढ़कर 77 हो गए हैं। इनमें 17 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल हैं। यह आंकड़ा खबर लिखे जाने के समय का है।
कौन हैं कुमकुम मेहोड़?
कुमकुम अनिल मोहोड़ भारत की रिकर्व तीरंदाज हैं। उनका जन्म 10 मार्च 2009 को महाराष्ट्र में हुआ। वह 17 साल की हैं। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेल 2026 में उन्होंने महिला रिकर्व टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीता। मिश्रित टीम स्पर्धा में उन्हें सिल्वर मिला। व्यक्तिगत स्पर्धा में वे भारत की पहली महिला स्वर्ण पदक विजेता बनीं।
कुमकुम ने 2025 में बैंकॉक में हुए एशिया कप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत की थी। इसके एक साल के भीतर वह विश्व कप और एशियाई खेलों तक पहुंच गईं। 2026 में कुमकुम ने राष्ट्रीय टीम के चयन ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने तीरंदाजी विश्व कप 2026 के प्यूब्ला चरण में अपना विश्व कप डेब्यू किया।
पहले भी अलग मुकाबलों में जीत चुकी हैं गोल्ड
मई में उन्होंने अंकिता भकत और दीपिका कुमारी के साथ विश्व कप के शंघाई चरण में महिला टीम स्पर्धा का गोल्ड जीता। इस टीम ने दक्षिण कोरिया और चीन को हराया। उसी महीने वे एशियाई खेलों के लिए चुनी गईं। उन्हें विश्व कप के आखिरी दो चरणों के लिए भी चुना गया। जून में विश्व कप के अंताल्या चरण में कुमकुम ने धीरज बोम्मादेवरा के साथ रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा का गोल्ड जीता था।