लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने IPL 2026 के 15वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 3 विकेट से हरा दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन में हुआ यह मुकाबला काफी ज्यादा रोमांचक रहा। एक समय पर KKR का पलड़ा भारी नजर आ रहा था लेकिन फिर मुकुल चौधरी ने पूरा गेम पलट दिया और अंत में जीत LSG की हुई। इस पूरे मैच में मुकुल चौधरी की ही चर्चा रही और वही जीत के हीरो रहे। अब सोशल मीडिया पर लोग उन्हें आउट ऑफ सिलेबस स्टार कह रहे हैं।
लखनऊ की टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने पावरप्ले में दी दो विकेट खोकर सिर्फ 56 रन ही बनाए। इसके बाद लखनऊ ने बीच के ओवरों में वापसी की और 7 से 15 ओवर के बीच 4 विकेट खोकर 71 रन बनाए। डेथ ओवरों में टीम ने एक विकेट खोया लेकिन मुकुल चौधरी ने आतिशी पारी खेली। जब साथ देने के लिए कोई और बल्लेबाज नहीं बचा था तब मुकुल ने कमान संभाली और लास्ट के 4 ओवर में 54 रन बनाने का कारनामा किया। मुकुल ने कुल 27 गेंदों में 54 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 KKR vs LSG: मुकुल चौधरी के दम पर जीती लखनऊ, कोलकाता को 3 विकेट से हराया
कौन हैं मुकुल चौधरी?
मुकुल चौधरी को इस मैच से पहले शायद ज्यादा लोग ना जानते हों लेकिन कल उन्होंने जो कारनामा किया उसके बाद अब उनकी चर्चा सभी क्रिकेट प्रेमी कर रहे हैं। इससे पहले कुछ ही लोगों को पता होगा कि मुकुल में क्या हुनर छिपा है। उनकी एक पारी के बाद अब वह सुर्खियों में हैं लेकिन उनका क्रिकेट इससे पहले भी शानदार था। मुकुल चौधरी मात्र 21 साल के हैं और 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सबसे उभरते सितारों में से एक थे। राजस्थान की टीम के इस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में 57 से ज्यादा औसत से 173 रन बनाए और साथ ही उनका स्ट्राइक रेट भी 200 से बस थोड़ा ही कम रहा।
600 से ज्यादा रन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार रहा और वह क्रिकेट प्रेमियों की नजर में उस समय आए जब एज-ग्रुप प्रतियोगिता में उन्होंने शतक जड़ते हुए 600 से ज्यादा रन बनाए। इसके बाद टीम का ध्यान उनकी ओर गया और उन्हें आईपीएल 2026 के लिए 2.60 करोड़ रुपये मिले। आईपीएल के लिए अपनी टीम में शामिल करने के लिए मुंबई और लखनऊ की टीम में आपस में होड़ थी। अंत में लखनऊ की टीम ने उन्हें खरीद लिया।
हेलिकॉप्टर शॉट से जीता दिल
जब LSG की टीम मैच में संघर्ष तक रही थी तब फैंस की उम्मीदों को मुकुल चौधरी ने अपने हेलिकॉप्टर शॉट के साथ नई उड़ान दी। वैभव अरोड़ा की फुल लेंथ गेंद पर मुकुल ने अपनी कलाईयों का इस्तेमाल करते हुए शॉट खेला। यह एक शानदार शॉट था और गेंद लॉन्ग ऑन के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंच गई। इसके बाद 19वें ओवर की पांचवी गेंद पर मुकुल ने सिक्स लगाकर अपना अर्धशकत पूरा किया।
यह भी पढ़ें: आखिरी ओवर में कई बार दिखी Miller vs Prasidh की राइवलरी, जानें कौन पड़ा भारी
धोनी को मानते हैं प्रेरणा
मुकुल चौधरी महेंद्र सिंह धोनी को अपनी प्रेरणा मानते हैं। अपने क्रिकेट के सपनों को पूरा करने के लिए मुकुल ने अपने झुंझनू स्थित घर से जयपुर जाने का फैसला किया था। यहां उन्होंने एक एकेडमी में एडमिशन लिया और तैयारी शुरू की। मुकुल एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। मकुलु चौधरी का अब तक का सफर शानदार रहा है और इस साल इस टूर्नामेंट में वह अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।