भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच महिला वर्ल्ड कप 2026 का 18वां मुकाबला 21 जून को मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेला गया। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच यह मैच काफी रोमांचक रहा। साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की और इसके साथ ही सेमीफाइनल की रेस में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया 6 अंकों के साथ पहले नंबर पर है। वहीं भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खाते में 4-4 अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के दम पर भारत दूसरे स्थान पर बना हुआ है। भारत का नेट रन रेट +2.511 है। वहीं साउथ अफ्रीका -0.546 नेट रन रेट के साथ तीसरे और बांग्लादेश -0.641 नेट रन रेट के साथ चौथे नंबर पर है। दूसरी ओर पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया घोषित, कोहली के खेलने पर लटकी तलवार
टीम इंडिया की पारी
भारतीय महिला टीम ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन उस लय को बड़े स्कोर में नहीं बदल सकी। पावरप्ले में टीम ने 2 विकेट गंवाकर 59 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ओवरों में बल्लेबाजी की रफ्तार धीमी पड़ गई। 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने 3 विकेट खो दिए और सिर्फ 57 रन ही जोड़ सकी। डेथ ओवरों में भी बल्लेबाज ज्यादा तेजी नहीं दिखा पाए। आखिरी पांच ओवरों में टीम ने 2 विकेट गंवाकर 42 रन बनाए। इसके साथ ही भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन का स्कोर खड़ा किया।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 11 गेंदों में जड़ी फिफ्टी
भारत की ओर से कोई भी बल्लेबाज 31 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सकी। टीम के लिए सबसे ज्यादा 31 रन शैफाली वर्मा ने बनाए। उनके अलावा दीप्ति शर्मा ने 29 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24 रन की पारी खेली। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी की बात करें तो मारिजान काप और शबनिम इस्माइल ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका और नादिन डे क्लर्क को 1-1 सफलता मिली।
साउथ अफ्रीका की पारी
भारतीय महिला टीम के मुकाबले साउथ अफ्रीका की शुरुआत काफी धीमी रही। टीम ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 25 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ओवरों में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने जोरदार वापसी की और 7 से 15 ओवर के बीच बिना कोई विकेट खोए 86 रन जोड़ दिए। डेथ ओवरों में टीम ने 2 विकेट जरूर गंवाए लेकिन 50 रन भी बटोर लिए। इसी दमदार बल्लेबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 161 रन बना लिए और 5 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: IND vs IRE T20I: BCCI ने वरुण चक्रवर्ती को टीम से बाहर क्यों किया?
साउथ अफ्रीका की ओर से मारिजान काप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 81 रन ठोके। उनके अलावा तजमिन ब्रिट्स ने 40 रन की पारी खेली। वहीं भारतीय टीम के लिए श्री चरणी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि शैफाली वर्मा को 1 सफलता मिली।