महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से हो रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से महीने भर पहले ICC को वेन्यू में बदलाव करना पड़ा है। वर्ल्ड कप का पहला मैच अब बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं बल्कि गुवाहाटी में खेला जाएगा। बेंगलुरु में ही दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल हो सकता था लेकिन इससे सभी मैचों की मेजबानी छीन ली गई है। बेंगलुरु की जगह नवी मुंबई को पांचवां वेन्यू चुना गया है।
इस फैसले की वजह 4 जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ है, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की IPL विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान यह भगदड़ हुई थी। इसके बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को बड़े इवेंट्स की मेजबानी के लिए असुरक्षित बताया गया था। कर्नाटक पुलिस इस स्टेडियम में फिलहाल कोई भी मैच आयोजित करने की इजाजत नहीं दे रही है।
यह भी पढ़ें: भारत की एलावेनिल ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड पर साधा निशाना
पुलिस की मंजूरी नहीं ले पाया KSCA
ICC ने 2 जून को महिला वनडे वर्ल्ड कप के पांच वेन्यू की घोषणा की थी। इन पांच वेन्यू में से एक बेंगलुरु भी था। हालांकि 4 जून की घटना के बाद से ही बेंगलुरु से मेजबानी छीने जाने की संभावना थी। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को जब मैचों की मेजबानी के लिए पुलिस की मंजूरी नहीं मिली, उसके बाद नया वेन्यू चुनने का फैसला लिया गया।
नवी मुंबई में कौन-कौन से मैच होंगे?
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत के दो मैच खेले जाएंगे। 23 अक्टूबर को यहां टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी। इसके बाद हरमनप्रीत ब्रिगेड की टक्कर 26 अक्टूबर को बांग्लादेश से होगी। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कोलंबो में होने वाले मुकाबले को भी नवी मुंबई शिफ्ट कर दिया गया है। अगर पाकिस्तान की टीम नॉकआउट में क्वालिफाई नहीं करती है तो दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल नवी मुंबई में ही होगा।
यह भी पढ़ें: BCCI का बड़ा फैसला, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फॉर्मेट बदला

भारतीय टीम का शेड्यूल
- भारत बनाम श्रीलंका - 30 सितंबर, गुवाहाटी
- भारत बनाम पाकिस्तान - 5 अक्टूबर, कोलंबो
- भारत बनाम साउथ अफ्रीका - 9 अक्टूबर, विशाखापट्टनम
- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - 12 अक्टूबर, विशाखापट्टनम
- भारत बनाम इंग्लैंड - 19 अक्टूबर, इंदौर
- भारत बनाम न्यूजीलैंड - 23 अक्टूबर, नवी मुंबई
- भारत बनाम बांग्लादेश - 26 अक्टूबर, नवी मुंबई