वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) लीजेंड हल्क होगन अब इस दुनिया में नहीं रहे। सुपरस्टार अमेरिकी रेसलर हल्क होगन का 24 जुलाई (गुरुवार) को 71 साल की उम्र में निधन हो गया। WWE ने बयान जारी कर उनकी मौत की पुष्टि की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल का दौरा पड़ने से हल्क होगन की जान गई है।
रेसलिंग के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले हल्क होगन की तबीयत गुरुवार की सुबह बिगड़ी थी। उनके फ्लोरिडा स्थित घर पर डॉक्टर्स को बुलाया गया और फिर उन्हें एंबुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया। मगर उनकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार कुछ सप्ताह पहले ही हल्क होगन के दिल की बड़ी सर्जरी हुई थी। वह सर्जरी से अच्छी तरह रिकवर हो रहे थे लेकिन अचानक उनके निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को हैरान कर दिया है।
कुछ दिन पहले बेहोश होने की आई थी खबर
दिल की सर्जरी के बाद हल्क होगन के बेहोश होने की खबरें आई थीं। हालांकि उनकी पत्नी ने इसका खंडन किया था और इसे अफवाह बताया था। हल्क होगन की पत्ना स्काई डेली ने कहा था कि उनका दिल मजबूत है और वह सर्जरी से उबर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: UAE में होगा एशिया कप, भारत-पाकिस्तान मैच पर आया अपडेट
WWE के महानतम रेसलर
11 अगस्त 1953 को जॉर्जिया में जन्में हल्क होगन का असली नाम टेरी जीन बोलिया था। 80 और 90 के दशक में वह रेसलिंग की दुनिया के सबसे लोकप्रिय चेहरा बने। हल्क होगन ने 1985 में न्यूयॉर्क में आयोजित पहले रेसलमेनिया के आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई थी। यहां उन्होंने मिस्टर टी के साथ मिलकर पॉल ऑर्नडॉर्फ और रॉडी पाइपर को हराया।
रेसलमानिया 3 में आंद्रे द जाइंट के खिलाफ हल्क होगन का मुकाबला ऐतिहासिक माना जाता है। इस मुकाबले को 93,000 लोगों ने लाइव देखा। हल्क होगन ने WWE को दुनिया भर में मशहूर बनाया। उनकी अपार लोकप्रियता ने प्रोफेशनल रेसलिंग को कार्निवल सर्किट से अमेरिकी एंटरटेनमेंट के मेनस्ट्रीम में ला खड़ा किया।
यह भी पढ़ें: खेल को लेकर सरकार का नया बिल क्या है? BCCI पर क्या होगा असर? समझिए
हल्क होगन की हाइट 6 फीट 7 इंच थी। उनकी मजबूत कद-काठी फैंस को रोमांचित करती थी। एक समय उनका बाइसेप्स 24 इंच का था। कभी उनके बाइसेप्स की तुलना हॉलीवुड एक्ट्रेस की कमर से की जाती थी। 1990 के दशक में उन्होंने हॉलीवुड में काम भी किया। हल्क होगन ने रेसलिंग रिंग से निकल 'मिस्टर नैनी' और 'सबअर्बन कमांडो' जैसी फिल्मों में अभिनय किया।